भरवारी को जाम से मिलेगी मुक्ति: रेलवे अंडरपास का टेंडर अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगा निर्माण

कौशाम्बी के भरवारी रेलवे स्टेशन पर जल्द बनेगा अंडरपास ब्रिज। डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने निरीक्षण कर टेंडर प्रक्रिया की दी जानकारी

Jun 17, 2026 - 21:54
Updated: 2 hours ago
0 2
भरवारी को जाम से मिलेगी मुक्ति: रेलवे अंडरपास का टेंडर अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगा निर्माण

कौशाम्बी। भरवारी नगर वासियों को वर्षों से सता रही जाम की समस्या से जल्द ही निजात मिलने वाली है। प्रयागराज मंडल के डीआरएम (मंडल रेल प्रबंधक) रजनीश अग्रवाल ने बुधवार को भरवारी रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

स्थानीय नागरिकों के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर रेलवे अंडरपास ब्रिज (RUB) को लेकर आई। भरवारी रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन लगने वाले भीषण जाम से जनता लंबे समय से त्रस्त है। इस मुद्दे पर बात करते हुए डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने बताया कि अंडरपास ब्रिज के निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया वर्तमान में गति पर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल तक धरातल पर अंडरपास का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जब डीआरएम से स्टेशन के पुराने और जर्जर हो चुके फुट ओवरब्रिज (FOB) को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही इस जर्जर पुल के स्थान पर एक आधुनिक फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा और नए पुल के बनते ही पुराने ढांचे को ध्वस्त कर दिया जाएगा। इसके अलावा, भरवारी स्टेशन पर अन्य प्रमुख यात्री ट्रेनों के ठहराव (स्टॉपेज) की मांग पर उन्होंने कहा कि इसके लिए औपचारिक पत्र भिजवाया जाए, जिसके बाद तकनीकी व्यवहार्यता के आधार पर ट्रेनों के स्टॉपेज पर विचार किया जाएगा।

भरवारी रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास और ओवरब्रिज निर्माण की इस मंजूरी के पीछे स्थानीय नागरिकों और जनप्रतियनिधियों का एक लंबा संघर्ष रहा है। नगर के लोग इस समस्या के समाधान के लिए लगातार आला अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए थे। इसी क्रम में बीते 18 नवंबर 2025 को एडीआरएम ने और फिर 03 दिसंबर 2025 को उत्तर मध्य रेलवे की पूरी इंजीनियरिंग टीम के साथ डीआरएम ने यहां का विस्तृत तकनीकी सर्वेक्षण किया था। अब टेंडर प्रक्रिया शुरू होने से क्षेत्रीय जनता में विकास की नई उम्मीद जगी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User