लापरवाही की कीमत जान से चुकाई: कौशाम्बी में बंदरों से भागते इलेक्ट्रीशियन को हाईटेंशन तार ने लील लिया
कौशाम्बी के भरवारी में बंदरों से बचने के दौरान 11 हजार वोल्ट की लाइन की चपेट में आकर इलेक्ट्रीशियन शारदा प्रसाद की मौत, लाइन हटाने की मांग अनसुनी रहने का आरोप।
कौशाम्बी। भरवारी नगर में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे मोहल्ले को झकझोर दिया। मेहता रोड स्थित अमित पंजाबी के घर में बिजली का काम कर रहे 60 वर्षीय इलेक्ट्रीशियन शारदा प्रसाद उर्फ बबऊ केसरवानी की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर करीब तीन बजे शारदा प्रसाद छत पर काम में जुटे थे। तभी अचानक बंदरों का एक झुंड छत पर आ धमका। बंदरों से बचने के लिए वे दौड़ पड़े और इसी दौरान घर के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वे बुरी तरह झुलस गए और छत पर ही गिर पड़े।
आनन-फानन में परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे मोहल्ले में मातम पसर गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका आरोप है कि मोहल्ले के करीब आधा दर्जन घरों के ऊपर से यह खतरनाक लाइन गुजर रही है, जिसे हटाने की मांग कई महीने पहले ही की जा चुकी थी। बताया गया कि 16 अप्रैल को नगर पालिका में लिखित शिकायत दी गई थी, जबकि 5 मई को पावर हाउस में भी तार हटवाने की मांग रखी गई थी। इसके बावजूद किसी स्तर पर कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, बिजली विभाग के जेई राम सूरत का कहना है कि लाइन हटाने के लिए एस्टीमेट बनाकर भेजा गया था, लेकिन उसे स्वीकृति नहीं मिल सकी। विभाग के इस जवाब से लोगों की नाराजगी और बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारी तय करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते लाइन शिफ्ट कर दी जाती तो एक जान बचाई जा सकती थी। लोगों ने यह भी मांग की कि क्षेत्र में जर्जर और घरों के ऊपर से गुजर रही अन्य लाइनों को भी तत्काल हटाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसा हादसा दोबारा न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)