कानपुर में गर्जी राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी: स्थानांतरण सूची जारी करने को डीएम को सौंपा ज्ञापन, 12 अक्टूबर से लखनऊ में प्रदर्शन की चेतावनी
कानपुर में राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने बेसिक शिक्षा विभाग के दिव्यांग शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की सूची जारी करने की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा तथा मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
(संजय शुक्ला)
कानपुर : उत्तर प्रदेश के कानपुर में बेसिक शिक्षा विभाग के दिव्यांग शिक्षकों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण की लंबित सूची को जारी कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी ने हुंकार भरी है। पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दिव्यांग महागठबंधन के आह्वान पर एकजुट होकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक मांग पत्र (ज्ञापन) कानपुर के जिलाधिकारी को सौंपा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासन द्वारा 4 जून को बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत दिव्यांग, असाध्य रोगी और दिव्यांग दंपत्तियों के अंतर्जनपदीय स्थानांतरण (Inter-District Transfer) हेतु स्पष्ट शासनादेश जारी किया गया था। इस प्रक्रिया के तहत 30 जून तक अंतर-जनपदीय स्थानांतरण की अंतिम सूची जारी की जानी तय थी। हालांकि, तय समय-सीमा बीत जाने के बावजूद शासन स्तर पर सूची जारी न होने से दिव्यांग शिक्षकों में भारी असंतोष व्याप्त है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय दिव्यांग पार्टी के प्रवक्ता एवं केंद्रीय कार्यालय प्रभारी राहुल कुमार ने कड़े शब्दों में कहा कि यदि सरकार 11 अक्टूबर तक स्थानांतरण सूची जारी नहीं करती है, तो पार्टी बाध्य होकर सड़कों पर उतरेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि 12 अक्टूबर को प्रदेश भर के कार्यकर्ता लखनऊ स्थित गांधी प्रतिमा पर विशाल धरना देंगे और मुख्यमंत्री कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन करेंगे। पार्टी नेता राम गोपाल गुप्ता ने भी सरकार की इस देरी को दिव्यांगों के साथ अन्याय करार दिया।
इस विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन प्रक्रिया के दौरान संगठन के कई प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष आनंद तिवारी, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अल्पना कुमारी, मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार, गुड्डी दीक्षित, वैभव दीक्षित, दिलीप कुमार, महेश चंद साहू, गोमती वर्मा, राम जानकी और अर्जुन कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)