अंबेडकर नगर: न्योतरिया में 7 अक्टूबर से सजेगा वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का मंच, सामान्य ज्ञान और कबड्डी में दिखेगा युवाओं का दम
अंबेडकर नगर के न्योतरिया स्थित पंडित राम नयन त्रिपाठी आईटीआई एवं शैलेंद्रालय में 7 से 9 अक्टूबर तक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें सामान्य ज्ञान, कबड्डी और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किए जाएँगे।
अंबेडकर नगर : छात्रों में शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बसखारी रोड, न्योतरिया स्थिति 'पंडित राम नयन त्रिपाठी आईटीआई एवं शैलेंद्रालय' में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का शानदार आयोजन होने जा रहा है। यह पूरा आयोजन 'तमसो मा ज्योतिर्गमय सेवा समिति', न्योतरिया, अकबरपुर के तत्वाधान में 7 अक्टूबर से 9 अक्टूबर 2026 तक संपन्न कराया जाएगा।
प्रतियोगिता के तय क्रमानुसार, पहले दिन यानी 7 अक्टूबर को 'सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता' आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएँ भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद 8 अक्टूबर को रोमांचक 'कबड्डी प्रतियोगिता' का आयोजन होगा, जहाँ खिलाड़ी मैदान पर अपनी ताकत और रणनीति का जलवा बिखेरेंगे। तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन, यानी 9 अक्टूबर को भव्य 'पुरस्कार वितरण समारोह' आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी एवं प्रधानाचार्य ने संयुक्त रूप से विचार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा, "मैदान पर हार और जीत से कहीं अधिक महत्वपूर्ण खेल भावना और खिलाड़ी की शत-प्रतिशत भागीदारी होती है।" संस्था का उद्देश्य युवाओं को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें खेल-कूद के माध्यम से मानसिक व शारीरिक रूप से मजबूत बनाना है।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पदक दिए जाएँगे, जबकि सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 'ओवरऑल चैंपियन सदन' को प्रतिष्ठित ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों और स्थानीय युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)