लखनऊ में गांधी व शास्त्री जयंती पर पौधारोपण महाअभियान: भारतीय योग परिषद और LU के छात्रों ने लिया हरित क्रांति का संकल्प
लखनऊ में भारतीय योग परिषद द्वारा गांधी एवं शास्त्री जयंती पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा NGO प्रकोष्ठ के सह-संयोजक संदीप शाही और LU के छात्र शामिल हुए।
लखनऊ : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर भारतीय योग परिषद के कार्यालय में एक विशेष श्रद्धांजलि व जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जवाहरलाल नेहरू नेशनल यूथ सेंटर कैंपस के प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में दोनों महान विभूतियों के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और राष्ट्रसेवा के अमर संदेशों को नमन किया गया।
पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्य अतिथि, भाजपा NGO प्रकोष्ठ के सह-संयोजक संदीप शाही ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान योगिता मिश्रा एवं नीलू पाण्डेय ने मुख्य अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू नेशनल यूथ सेंटर के अध्यक्ष रामपाल शर्मा, सचिव आक्रोश निगम तथा भारतीय योग परिषद के अध्यक्ष सर्वेश कुमार सोनी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण लखनऊ विश्वविद्यालय (LU) के समाज कार्य विभाग के छात्र-छात्राओं की ऊर्जावान सहभागिता रही। युवाओं ने न केवल पौधे लगाए, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुँचाने की शपथ ली। छात्रों ने संकल्प लिया कि वे शास्त्री जी की कर्तव्यनिष्ठा और बापू के सामाजिक सेवा के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में उतारेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया। भारतीय योग परिषद ने स्पष्ट किया कि वे भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता, स्वस्थ जीवनशैली और जनसेवा से जुड़े अभियानों को निरंतर जारी रखेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)