इफको ऑफिसर्स एसोसिएशन चुनाव: अनुराग तिवारी बने अध्यक्ष और आशीष गौतम महामंत्री, सभी विजेताओं को मिली बधाई
प्रयागराज की इफको फूलपुर इकाई में संपन्न हुए ऑफिसर्स एसोसिएशन के चुनावों में अनुराग तिवारी ने लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है।
प्रयागराज : इफको फूलपुर इकाई में इफको ऑफिसर्स एसोसिएशन के चुनाव बेहद शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए हैं। चुनाव अधिकारी पी.के. पटेल ने चुनाव परिणामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है, जिसमें कई पदों पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर अनुराग तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार जीत का परचम लहराया है।
चुनाव परिणामों के अनुसार, अध्यक्ष पद के कड़े मुकाबले में अनुराग तिवारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रतीक वर्मा को 86 मतों के अंतर से पराजित किया। अनुराग तिवारी को कुल 215 वोट मिले, जबकि प्रतीक वर्मा को 129 वोट प्राप्त हुए। इसके अलावा अन्य प्रत्याशियों में बबलेश कुमार मिश्र को 16, अरविंद कुमार यादव को 12 और धर्मेन्द्र कुमार सिंह को 12 मत मिले।
महामंत्री पद पर आशीष कुमार गौतम ने स्वयम् प्रकाश को 75 मतों से शिकस्त दी। आशीष कुमार गौतम को 227 वोट मिले, जबकि स्वयम् प्रकाश को 152 वोट प्राप्त हुए। इसी प्रकार उपाध्यक्ष पद पर दिनेश कुमार सिंह 123 मतों के बड़े अंतर से विजयी रहे, जिन्हें कुल 216 वोट मिले। संयुक्त मंत्री पद पर अरविंद चौहान ने 265 वोट हासिल कर 204 मतों के भारी अंतर से शानदार जीत दर्ज की।
अन्य महत्वपूर्ण पदों में संगठन मंत्री पद पर बी.पी. सिंह (मुन्ना) 171 मत पाकर विजयी हुए। प्रचार मंत्री पद पर राम दीन पाल ने बाजी मारी, जिन्हें 123 मत मिले। स्थापना मंत्री पद के सीधे मुकाबले में सी.बी.सिंह ने मनोज त्रिपाठी को 43 मतों से पराजित किया। कोषाध्यक्ष पद पर गौतम कुमार ने 276 वोट प्राप्त कर 169 मतों के अंतर से धमाकेदार जीत दर्ज की। विभिन्न कार्यकारी सदस्य पदों पर रवीन्द्र कुमार शर्मा, संजय कुमार श्रीवास्तव, गिरीश चन्द्र, अजय कुमार दुबे, विनीत कुमार दुबे, अम्बुज पाण्डेय (निर्विरोध) और अभिषेक श्रीवास्तव ने जीत हासिल की।
चुनाव अधिकारी पी.के. पटेल ने पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर वरिष्ठ महाप्रबंधक (इकाई प्रमुख) पी.के. सिंह, मानव संसाधन विभागाध्यक्ष शम्भू शेखर, इफको एम्पलाइज संघ के अध्यक्ष पंकज पाण्डेय एवं महामंत्री विजय कुमार यादव सहित तमाम अधिकारियों ने नवनिर्वाचित सभी पदाधिकारियों को पुष्पमाला पहनाकर बधाई और शुभकामनाएं दीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)