कानपुर मे चरण सुहावे गुरुचरण यात्रा का सिख समाज ने पुष्प वर्षा कर किया जोरदार स्वागत
कानपुर : कानपुर चरण सुहावे गुरुचरण यात्रा मंगलवार शाम जाजमऊ पहुंची। यहां गंगा पुल पर मौजूद संगत ने पुष्प वर्षा कर और गोविंद सिंह आयो है शबद गायन कर यात्रा का स्वागत किया। साथ ही पंज प्यारों को सिरोपा पहनाया गया। यात्रा जाजमऊ से चलकर हरजिंदर नगर चौराहे के पास पहुंची। यहां पर ईसाई महासंघ की ओर से नोबल कुमार चेतन माल ने यात्रा का स्वागत किया। वहीं, गुरुद्वारा माता साहिब, गुरुद्वारा बाबा अजीत सिंह, गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा लाल बंगला के प्रधान सेवक प्रतिपाल सिंह हनी ने समूह सेवादारों के साथ यात्रा का स्वागत किया।
इसके बाद यात्रा अफीम कोठी चौराहे पर पहुंची। यहां यात्रा के संयोजक रमिंदर सिंह रिंकू, परमजीत सिंह व कमलजीत सिंह बग्गा ने स्वागत किया। जीटी रोड स्थित गुरुद्वारा भाई बत्रो साहिब में प्रधान सेवक सुरिंदर जीत सिंह भाटिया, महामंत्री अजीत सिंह भाटिया ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। गुमटी नंबर पांच स्थित गुरुद्वारा श्री कीर्तनगढ़ में प्रधान सरदार हरजीत सिंह कालरा, आत्मजीत सिंह सलूजा, पृथ्वीपाल सिंह बिल, अमरजीत सिंह पम्मे, कौशल किशोर दीक्षित, सुरजीत सिंह और कमलजीत सिंह ने स्वागत किया।
इसके बाद रात्रि विश्राम के लिए यात्रा गुमटी गुरुद्वारे रुकी। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर गुरु महाराज जी की चरण पादुका को नमन किया। नई दिल्ली के मोतीबाग से 23 अक्टूबर को शुरु हुई यात्रा पटना स्थित तख्त श्री हरमंदिर साहिब (पटना साहिब) जाएगी। यात्रा में पालकी में विराजमान 10वीं पातशाही गुरु गोविंद सिंह साहब और खालसा पंथ की माता साहिब कौर के पवित्र वस्त्र और चरण पादुका (जोड़ा साहिब) आकर्षण का केंद्र रहे। गुरु ग्रन्थ साहिब की पालकी और पारंपरिक स्वरूप में सजी कांच की आकर्षक पालकी में रखे पवित्र जोड़ा साहिब और वस्त्रों के दर्शन के लिए संगत की भीड़ उमड़ती रही।
यात्रा का स्वागत करने के बाद हरजीत सिंह कालरा ने बताया कि गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और उनकी धर्मपत्री माता साहिब कौर की चरण पादुका दिल्ली में हरदीप सिंह पुरी के परिवार के पास करीब तीन सौ वर्षों से रखी हुई थीं। यह यात्रा गुरु गोविंद सिंह जी महाराज और माता साहिब कौर के चरण पादुका को लेकर दिल्ली से 23 अक्टूबर को रवाना हुई और मथुरा, आगरा, लखनऊ होते हुए कानपुर पहुंची है। यहां से फतेहपुर, फतेहपुर, प्रयागराज और सासाराम होते हुए 31 अक्टूबर को पटना पहुंचेगी।
इस दौरान राज्य अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य परविंदर सिंह, सांसद रमेश अवस्थी, विधायक महेश त्रिवेदी, सुरेंद्र मैयानी, नीलिमा कटियार, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित, जिला अध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, पूर्व महापौर रवींद्र पाटनी, सुरेश अवस्थी, रघुनंदन भदौरिया, श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार हरविंदर सिंह लार्ड, गुरविंदर सिंह छाबड़ा (विक्की), जसबीर सिंह मल्होत्रा, हरप्रीत सिंह मक्कड़, मनजीत सिंह चहा, हरमीत सिंह, अतुल सिंह मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0