अंबेडकरनगर: मालीपुर में महिलाओं को दिया गया स्थानीय स्वशासन और GPDP का प्रशिक्षण, रोल-प्ले से समझाई ग्राम सभा की प्रक्रिया
अंबेडकरनगर के मालीपुर बीआरसी पर महिलाओं के लिए स्थानीय स्वशासन, GPDP और ग्राम सभा की खुली बैठक पर एकदिवसीय प्रशिक्षण आयोजित। रोल-प्ले से समझाई गई प्रक्रिया।
अंबेडकरनगर। जनपद के जलालपुर ब्लॉक स्थित बीआरसी कार्यालय, मालीपुर में जन शिक्षण केंद्र द्वारा संचालित 'ग्रामीण महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम' के अंतर्गत एकदिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। “स्थानीय स्वशासन, जीपीडीपी (GPDP) प्रोसेस एवं ग्राम सभा की खुली बैठक-विजनिंग” विषय पर आयोजित इस प्रशिक्षण में नई 6 ग्राम पंचायतों की महिला नेतृत्वकर्ताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रतिभागियों के परिचय एवं प्रेरणादायक समूह गीत “संगठनवा बनावा दीदी, लड़ई का परी” के साथ हुई। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं और सामुदायिक नेतृत्वकर्ताओं में पंचायती राज व्यवस्था, ग्राम सभा की कार्यप्रणाली और ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) की प्रक्रिया के प्रति समझ विकसित करना रहा।
कार्यक्रम समन्वयक हेमलता ने स्थानीय स्वशासन, 73वें संविधान संशोधन और पंचायती राज व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए ग्राम सभा तथा ग्राम पंचायत के अंतर को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतांत्रिक भागीदारी का सबसे सशक्त माध्यम है, जहाँ ग्रामीण अपनी समस्याओं, प्राथमिकताओं और आवश्यकताओं के आधार पर सीधे निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा बनते हैं।
रोल-प्ले और नाटक के ज़रिए समझाई GPDP प्रक्रिया:
प्रशिक्षण को व्यावहारिक रूप देने के लिए कार्यकर्ताओं द्वारा नाटक व रोल-प्ले प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से GPDP प्रक्रिया के पाँचों मुख्य चरणों—वातावरण निर्माण, ट्रांजिट वॉक, आवश्यकताओं की पहचान, प्राथमिकता निर्धारण तथा ग्राम सभा की खुली बैठक में योजना निर्माण—को जीवंत रूप से दर्शाया गया।
प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों से प्रश्न-उत्तर सत्र के ज़रिए उनकी समझ को परखा गया। सहभागी महिलाओं ने अपने अधिकारों और स्थानीय विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया और उत्साही नारों के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
इस अवसर पर नारी संघ की अगुआ रेखा, उर्मिला, रंजन, आशा, कुमारी, शारदा, क्रांति, अनुराधा, किरण, पुष्पा व दुर्गावती के साथ-साथ जन शिक्षण केंद्र के कार्यकर्ता उर्मिला, निशा, सरोज, पुनीता, बृजेश, हरिराम, सिद्धार्थ सिंह एवं शर्मिला प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)