प्रतापगढ़: दरोगा अचिंत्य शुक्ला को मानिकपुर थाने से भावुक विदाई, 28 महीने के सेवाकाल के बाद रानीगंज रवाना
मानिकपुर थाने से स्थानांतरित दरोगा अचिंत्य शुक्ला को पुलिसकर्मियों ने नम आंखों से विदाई दी।
कुंडा, प्रतापगढ़। मानिकपुर थाने में तैनात उपनिरीक्षक (दरोगा) अचिंत्य शुक्ला का स्थानांतरण आदेश जारी होने के लगभग एक माह बाद बुधवार को थाना परिसर में उनका विदाई समारोह आयोजित किया गया। भावुक माहौल में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी समेत सभी पुलिसकर्मियों ने उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
इस दौरान साथियों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। दरोगा अचिंत्य शुक्ला ने मानिकपुर थाने में करीब दो वर्ष चार माह तक अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। अपने सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार के कारण वे विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा क्षेत्रीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहे।
विदाई समारोह के दौरान सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए समय को याद करते हुए कहा कि अचिंत्य शुक्ला हमेशा टीम भावना के साथ कार्य करते रहे। उनके स्थानांतरण से थाना परिवार को एक कुशल, मेहनती और सहयोगी अधिकारी की कमी महसूस होगी। इस अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कई पुलिसकर्मी भावुक हो उठे और नम आंखों से उन्हें विदा किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी पंकज कुमार राय, उपनिरीक्षक अमरनाथ, भृगुनाथ, अमित यादव, अवधेश यादव, रोहित सिंह, राम नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल श्याम शेर सिंह यादव तथा कांस्टेबल विपिन पाल, हरवीर सिंह, दिलीप सिंह और दिनेश कुमार सहित थाना परिवार के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अपने संबोधन में दरोगा अचिंत्य शुक्ला ने वरिष्ठ अधिकारियों, साथी पुलिसकर्मियों और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मानिकपुर में बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि रानीगंज थाने में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। समारोह का समापन सभी की शुभकामनाओं और भावभीनी विदाई के साथ हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)