कुंडा: बयान न बदलने पर दबंगों ने उजाड़ी 12 बिस्वा बैंगन की फसल, पीड़ित किसान ने थाने में दी तहरीर
कुंडा के मानिकपुर में बयान न बदलने पर दबंगों पर बैंगन की खड़ी फसल उजाड़ने का आरोप। पीड़ित किसान ने थाने में तहरीर देकर लगाई न्याय की गुहार।
कुंडा/प्रतापगढ़। नगर पंचायत मानिकपुर के कटरा निवासी किसान रामनरेश सरोज ने थाना मानिकपुर में प्रार्थना पत्र देकर दबंगों पर उनकी खेत में खड़ी बैंगन की फसल को काटकर बर्बाद करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुरानी रंजिश के चलते ममरखापुर निवासी वीरेंद्र सरोज (पुत्र राजा) और धर्मराज (पुत्र राम अवतार उर्फ कल्लू) के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाने में सौंपी गई तहरीर के अनुसार, रामनरेश का आरोप है कि धर्मराज उस पर पूर्व के एक पुराने मामले में अपना बयान बदलने का लगातार दबाव बना रहा था। बयान बदलने से इनकार करने पर आरोपी ने उसे और उसके पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी थी।
पीड़ित के मुताबिक, 19 सितंबर की मध्यरात्रि के बाद आरोपियों ने उसके खेत में लगी लगभग 12 बिस्वा बैंगन की लहलहाती फसल को उखाड़कर पूरी तरह नष्ट कर दिया। 20 सितंबर की सुबह करीब 6 बजे जब वह खेत पर पहुंचा, तो उसने देखा कि पूरी फसल उजड़ी पड़ी थी और उसमें लगे बैंगन भी गायब थे। किसान ने इस तोड़फोड़ से लगभग 25 हजार रुपये के आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया है।
प्रार्थना पत्र में पीड़ित रामनरेश ने वर्ष 2013 की एक पुरानी घटना का जिक्र करते हुए बताया कि धर्मराज के चाचा श्याम को धर्मराज के साथ 500 रुपये देकर हरियाणा से घर भेजा गया था, लेकिन उसके बाद से श्याम रहस्यमय तरीके से लापता हैं। इसी मामले में उस पर बयान बदलने का अनुचित दबाव बनाया जा रहा था।
पीड़ित ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोपियों से अपने और अपने परिवार की जान-माल का खतरा जताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। फिलहाल, मानिकपुर थाना पुलिस प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)