West Bengal Election 2026 : भवानीपुर हो या नई दिल्ली - संकल्प को परिणाम में बदलने का नाम है अमित शाह
अमित शाह की चाणक्य नीति और मोदी मैजिक से बंगाल में 50 साल का राजनीतिक वनवास खत्म, भाजपा की ऐतिहासिक जीत
लखनऊ : बंगाल की वह धरती, जो कभी गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के संगीत, स्वामी विवेकानंद के आध्यात्मिक तेज और शरतचंद्र की कालजयी रचनाओं से महकती थी, दशकों से एक ऐसी खामोशी ओढ़े हुए थी जो विकास की नहीं, बल्कि विनाश की आहट थी। यह वह बंगाल था जिसने कभी पूरे देश को दिशा दिखाई थी, लेकिन समय के चक्र ने इसे राजनीति के उस अंधेरे गलियारे में धकेल दिया जहाँ केवल हिंसा और प्रतिशोध का शोर था।पहले 35 वर्षों तक कम्युनिस्टों के 'लाल गलियारे' ने बंगाल की औद्योगिक कमर तोड़ी और फिर पिछले 15 सालों से तृणमूल कांग्रेस के शासन ने उसे भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अराजकता के दलदल में धकेल दिया।
जूट मिलों के बंद होने से सुबह के सायरन खामोश हो गए, उद्योग ठप्प पड़ गए और रोजगार की तलाश में बंगाल का युवा अपनी ही मिट्टी छोड़ने पर मजबूर हो गया। सांस्कृतिक पहचान वाले इस प्रदेश में रवींद्र संगीत की जगह बम और गोलों के धमाकों ने ले ली। संदेशखाली से लेकर आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज तक, महिलाओं के शोषण और प्रशासनिक लापरवाही की कहानियों ने बंगाल की आत्मा को छलनी कर दिया था।लेकिन साल 2026 की तपती गर्मियों ने एक नई पटकथा लिखनी शुरू की। भारतीय राजनीति के आधुनिक 'चाणक्य' कहे जाने वाले अमित शाह जब कोलकाता के दमदम हवाई अड्डे पर उतरे, तो उनके चेहरे की लकीरों में एक स्पष्ट संकल्प और आँखों में भविष्य का खाका था।
उन्होंने भाँप लिया था कि बंगाल अब केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि अपनी खोई हुई अस्मिता की वापसी चाहता है। शाह की चाणक्य नीति का असर केवल अवधारणा भर नहीं था; उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ से लेकर हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली के बाद अब बंगाल की उर्वर भूमि पर भी चरितार्थ कर दिखाया।
शाह ने दिल्ली के वातानुकूलित कमरों को छोड़कर बंगाल की गलियों को अपना ठिकाना बना लिया। लगातार 15 दिनों तक उन्होंने बंगाल की मिट्टी की धूल फाँकी, मानों वह किसी चुनावी जीत के लिए नहीं, बल्कि एक सभ्यता को बचाने के मिशन पर निकले हों।शाह की कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता उनका अटूट संकल्प है। राजनीति के गलियारों में यह बात मशहूर है कि भवानीपुर हो या नई दिल्ली - संकल्प को परिणाम में बदलने का नाम ही अमित शाह है।
बंगाल में भाजपा का उदय एक दिन का चमत्कार नहीं है, बल्कि यह शाह की एक दशक लंबी तपस्या का प्रतिफल है। यदि हम इतिहास के पन्नों को पलटें, तो 2016 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को केवल 3 सीटों पर संतोष करना पड़ा था। लेकिन शाह ने हार नहीं मानी। उन्होंने शून्य में भी संभावनाओं को तलाशना शुरू किया। 2021 के चुनाव आते-आते उनकी रणनीति ने रंग दिखाया और भाजपा की ताकत 3 से बढ़कर 77 सीटों तक जा पहुँची, जिसने ममता बनर्जी के अभेद्य दुर्ग में पहली बार बड़ी दरार पैदा की थी, और अब 2026 में 207 सीटों का प्रचंड आंकड़ा छूना अमित शाह के उस कुशल संगठन कौशल की विजय है जिसे 'बूथ मैनेजमेंट' की पराकाष्ठा कहा जाता है।
चुनावी मैदान के अजेय योद्धा शाह ने बंगाल के भूगोल को अपनी रणनीति के धागे में पिरो दिया। 50 से अधिक रैलियाँ और अनगिनत रोड शो – हर सभा में वह केवल भाषण नहीं दे रहे थे, बल्कि बंगाल के उस गौरवशाली अतीत को याद दिला रहे थे जिसे टीएमसी के सिंडिकेट राज और 'कट मनी' संस्कृति ने गिरवी रख दिया था। शाह का मैनेजमेंट ऐसा था कि उत्तर बंगाल के चाय बागानों से लेकर सुंदरवन की खाड़ियों तक, हर जगह 'कमल' की चर्चा होने लगी।
उन्होंने संगठन की ऐसी अभेद्य दीवार खड़ी की, जिसके सामने तृणमूल का कैडर राज ताश के पत्तों की तरह ढहने लगा।मैनेजमेंट गुरु शाह ने बंगाल के हर मतदान केंद्र पर अपनी 'साइलेंट आर्मी' तैनात कर दी थी। जहाँ एक ओर ममता बनर्जी अपनी सत्ता के घमंड में चूर थीं, वहीं शाह खामोशी से हर उस क्षेत्र में सेंध लगा रहे थे जहाँ भाजपा को पारंपरिक रूप से कमजोर समझा जाता था। उन्होंने बंगाल की जनता को यह अटूट विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ही 'सोनार बांग्ला' का निर्माण संभव है।
रैलियों में उमड़ता जनसैलाब इस बात की गवाही दे रहा था कि अब विकास की भूख, विनाश के भय और हिंसा की राजनीति पर भारी पड़ रही थी।इस महासंग्राम का सबसे रोचक और ऐतिहासिक पड़ाव था भवानीपुर का मुकाबला। ममता बनर्जी के अभेद्य गढ़ माने जाने वाले भवानीपुर में अमित शाह ने अपनी सांगठनिक शक्ति से उन्हें मात दी। यह जीत केवल एक भौगोलिक क्षेत्र की जीत नहीं थी, बल्कि यह प्रतीकात्मक थी – एक संदेश था कि जनता का आक्रोश किसी भी सत्ताधारी अहंकार से बड़ा होता है। शाह ने साबित कर दिया कि जब रणनीति सटीक हो और कार्यकर्ता का हौसला बुलंद हो, तो विपक्ष के सबसे मजबूत किले को भी फतह किया जा सकता है।
शाह की वह भविष्यवाणी कि '2026 में बंगाल भाजपा की झोली में होगा', अब महज एक बयान नहीं, बल्कि ज़मीनी हकीकत बन चुकी थी। भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी जीरो टॉलरेंस नीति और इन्फ्रास्ट्रक्चर को लेकर मोदी सरकार का संकल्प बंगाल की जनता के मन में घर कर गया।अंततः, 4 मई को जब मतपेटियाँ खुलीं, तो परिणामों ने इतिहास रच दिया। मोदी ‘मैजिक’ ने जहाँ जनता के दिलों को छुआ, वहीं शाह ‘फैक्टर; ने उस जनसमर्थन को वोटों के पहाड़ में तब्दील कर दिया। बंगाल की धरती पर 50 वर्षों के काले अंधेरे को चीरते हुए केसरिया सूरज का उदय हुआ।
यह जीत केवल एक राजनीतिक पार्टी की नहीं, बल्कि बंगाल की उन माताओं-बहनों की थी जिनका शोषण हुआ, उन युवाओं की थी जिनकी उम्मीदें छीन ली गई थीं। अमित शाह की अटूट तपस्या, उनका मैनेजमेंट और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति जनता का अटूट विश्वास – यही वह त्रिवेणी थी जिसने भगवा की प्रचंड जीत का मार्ग प्रशस्त किया। बंगाल अब फिर से 'सोनार बांग्ला' बनने की नई विकास यात्रा पर निकल पड़ा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)