जहांगीरगंज-राजे सुल्तानपुर मार्ग पर झाड़ियों का कब्जा: अनहोनी की आशंका के बीच राहगीर जोखिम उठाने को मजबूर
आलापुर के जहांगीरगंज-राजे सुल्तानपुर मार्ग पर झाड़ियों के फैलाव से राहगीर परेशान हैं। बड़े वाहनों से बचने के चक्कर में दोपहिया चालक झाड़ियों में गिरकर घायल हो रहे हैं और जंगली जानवरों का खतरा मंडरा रहा है।
अम्बेडकरनगर : अम्बेडकरनगर जिले के आलापुर तहसील अंतर्गत जहांगीरगंज-राजे सुल्तानपुर मुख्य मार्ग पर बदहाली और उपेक्षा की तस्वीर साफ नजर आ रही है। मार्ग के दोनों किनारों पर उगी घनी और ऊंची झाड़ियां अब आवागमन करने वाले राहगीरों व वाहन चालकों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी हैं। झाड़ियों का फैलाव सड़क की पटरियों तक हो जाने के कारण सड़क की चौड़ाई काफी कम हो गई है, जिससे दिनभर इस मार्ग पर आवाजाही करने वाले दोपहिया और पैदल यात्री जोखिम उठाने को मजबूर हैं।
स्थानीय राहगीरों दीन बंधु, रमेश कुमार, राजेश कुमार और अश्वनी कुमार का कहना है कि इस व्यस्त मार्ग पर चौबीसों घंटे रोडवेज बसों, भारी वाहनों और सैकड़ों गाड़ियों का दबाव रहता है। जब भी सामने से कोई बड़ा वाहन आता है, तो बाइक और साइकिल सवारों के पास सड़क से नीचे उतरने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता। जगह न होने की वजह से कई बार चालक नियंत्रण खोकर झाड़ियों में गिर जाते हैं, जिससे आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं।
इसके अलावा, घनी झाड़ियों के कारण सांप-बिच्छू जैसे विषैले जीवों के साथ-साथ नीलगाय और छुट्टा मवेशियों का जमावड़ा बना रहता है। ये जानवर अचानक झाड़ियों से निकलकर सड़क पर आ जाते हैं, जिससे गंभीर हादसों की संभावना हमेशा बनी रहती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के जेई संत विजय यादव ने आश्वस्त किया है कि सड़क किनारे उगी झाड़ियों की जल्द से जल्द सफाई कराई जाएगी। वहीं स्थानीय निवासियों ने विभाग से मांग की है कि वादों के बजाय तुरंत जमीनी स्तर पर सफाई कार्य शुरू कराया जाए, ताकि राहगीर बिना किसी भय के सुरक्षित सफर कर सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)