अंबेडकरनगर: बिसुही नदी पर तेजी से बन रहा है आधुनिक पुल, अयोध्या, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर की दूरी होगी कम
कटेहरी के बिसुही नदी पर 15.69 करोड़ रुपये की लागत से 71 मीटर लंबे डबल लेन पुल का निर्माण 60% पूरा हो गया है। जनवरी 2028 से इस पर आवागमन शुरू होने की उम्मीद है।
अंबेडकरनगर (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के नेतृत्व में कटेहरी विधानसभा क्षेत्र स्थित बिसुही नदी पर बन रहे आधुनिक पुल का निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना का 60 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा कर लिया गया है। यदि निर्माण कार्य इसी गति से चलता रहा, तो 1 जनवरी 2028 से इस पुल पर वाहन फर्राटा भरते नजर आएंगे। इस दीर्घ सेतु के शुरू होने से अयोध्या, अंबेडकरनगर और सुल्तानपुर—इन तीन पड़ोसी जिलों के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी।
गोसाईंगंज-भीटी-महरूआ-दोस्तपुर मार्ग (प्रमुख जिला मार्ग के किमी 13) पर बन रहे इस 71 मीटर लंबे डबल लेन पुल की कुल लागत 15.69 करोड़ रुपये है। सेतु निगम लिमिटेड अयोध्या के परियोजना प्रबंधक रोहित अग्रवाल ने बताया कि इस परियोजना को 20 दिसंबर 2025 को स्वीकृति मिली थी और इसे पूरा करने की लक्षित तिथि 31 दिसंबर 2027 निर्धारित की गई है। योजना के तहत अब तक 14.88 करोड़ रुपये अवमुक्त किए जा चुके हैं, जिनमें से 7.25 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।
पुल के फाउंडेशन (नींव) और सब-स्ट्रक्चर का काम पूरा हो चुका है, जबकि ऊपरी हिस्से यानी सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इस पुल में साढ़े सात मीटर का कैरिजवे होगा, जिससे भारी वाहनों और आम यात्रियों को सुगम रास्ता मिलेगा।
स्थानीय निवासियों के लिए यह सेतु लंबे समय से बहुप्रतीक्षित मांग थी। इसके चालू होने से न केवल ग्रामीणों के समय और ईंधन की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलेगी। हजारों परिवारों को इस बेहतर कनेक्टिविटी का सीधा लाभ पहुंचेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)