आगरा का खौफनाक बाथरूम कांड: 'दृश्यम' देखकर पति को दफनाया, 45 दिन तक लाश के ऊपर नहाती रही पत्नी

आगरा में 'दृश्यम' स्टाइल मर्डर: पत्नी ने पति को मारकर बाथरूम में दफनाया, 45 दिनों तक लाश के ऊपर नहाती रही

Jul 04, 2026 - 11:47
0 8
आगरा का खौफनाक बाथरूम कांड: 'दृश्यम' देखकर पति को दफनाया, 45 दिन तक लाश के ऊपर नहाती रही पत्नी

आगरा: नीले ड्रम और पहाड़ी से धक्का देने वाली खौफनाक वारदातों के बाद अब ताजनगरी आगरा से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने हर किसी की रूह कंपा दी है। यहाँ सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुकाधाम कॉलोनी में एक पत्नी ने न सिर्फ अपने पति की हत्या की, बल्कि उसकी लाश को घर के ही बाथरूम में दफना दिया। खौफ की हद तो यह थी कि वह आरोपी पत्नी पिछले 45 दिनों तक उसी बाथरूम में रोज नहाती रही, ताकि किसी को शक न हो।

खीर में दीं 20 नींद की गोलियां, फिर रचा ड्रामा
पुलिस पूछताछ में आरोपी पत्नी रूबी ने बताया कि उसका पति सुरेंद्र शर्मा शराब का आदी था और आए दिन मारपीट करता था। तंग आकर रूबी ने टीवी शो 'क्राइम पेट्रोल' और फिल्म 'दृश्यम' देखकर हत्या की साजिश रची। 18 मई को उसने अपनी सास और दोनों बेटियों को जेठ अनिल के घर भेज दिया। उसी रात रूबी ने सुरेंद्र के लिए खीर बनाई और उसमें नशे की करीब 20 गोलियां मिला दीं। मौत होने के बाद वह शव को घसीटकर बाथरूम में ले गई और गड्ढा खोदकर उसे दफन कर दिया।

राजमिस्त्री बुलाकर लगवा दीं टाइल्स
राज छुपाने के लिए रूबी ने बकायदा राजमिस्त्री बुलाकर बाथरूम के फर्श को पक्का करवाया और उस पर टाइल्स लगवा दीं। 26 मई को उसने खुद थाने जाकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करा दी। जब भी कोई पड़ोसी सुरेंद्र के बारे में पूछता, तो वह फूट-फूटकर रोने का नाटक करने लगती।

पेंशन के पैसों ने खोला खौफनाक राज
रूबी की इस चालाकी का अंत सास की पेंशन के विवाद से हुआ। सुरेंद्र के भाई अनिल शर्मा को मां की पेंशन के पैसों को लेकर रूबी पर शक हुआ। जब अनिल ने सख्ती से पूछताछ की, तो रूबी ने शुक्रवार सुबह उसे फोन कर घर बुलाया और कहा, "सुरेंद्र बाथरूम में हैं।" जब अनिल ने बाथरूम खाली देखा और पूछा कि वह कहाँ हैं, तो रूबी ने ठंडे दिमाग से कहा— "दो फीट नीचे हैं।" यह सुनते ही जेठ के होश उड़ गए और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

खुदाई में मिला कंकाल
पुलिस ने जब बाथरूम का फर्श तुड़वाकर खुदाई की, तो अंदर से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ। उसके कपड़े गल चुके थे, लेकिन गले की रुद्राक्ष माला और हाथ का कड़ा सुरक्षित था। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड में रूबी के साथ कोई और भी शामिल था या नहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User