आधुनिक खेती और लोक संस्कृति के संगम से गुलजार हुआ श्रवण धाम महोत्सव
अम्बेडकरनगर में श्रवण धाम महोत्सव के दूसरे दिन किसान सम्मेलन और राजस्थानी व कथक लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां हुईं।
अम्बेडकरनगर। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से आयोजित तीन दिवसीय श्रवण धाम महोत्सव-2026 का दूसरा दिन कृषि और कला के नाम रहा। कार्यक्रम का आगाज किसान सम्मेलन और गोष्ठी से हुआ, जिसमें जनपद के अन्नदाताओं को आधुनिक कृषि तकनीकों और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
खेती में नवाचार और ड्रोन दीदी का जलवा किसान गोष्ठी के दौरान कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों ने प्राकृतिक खेती, उन्नत बीज और ड्रोन तकनीक पर विशेष जोर दिया। 'ड्रोन दीदी' श्रीमती बंदना पटेल और प्रगतिशील किसान राम उजागिर व अमरनाथ सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कैसे तकनीक के माध्यम से खेती को लाभ का सौदा बनाया जा सकता है।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन दोपहर बाद महोत्सव का मंच लोक संस्कृति के रंगों से सराबोर हो गया। राजस्थान के सुप्रसिद्ध कलाकार शकूरखान के लोकनृत्य और वाराणसी की डॉ. विधिनागर के शास्त्रीय कथक नृत्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। वहीं, झारखंड के सृष्टिधर महतो द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक लोकनृत्य ने महोत्सव में चार चांद लगा दिए।
प्रदर्शनी का अवलोकन मुख्य अतिथि मंडलायुक्त राजेश कुमार और विशिष्ट अतिथि एडीजी प्रवीण कुमार का स्वागत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने किया। अतिथियों ने सूचना विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी और एनआरएलएम समूहों के स्टालों का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना सुनिश्चित करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0