सगे भाइयों पर सो रहे भाई की झोपड़ी फूंकने का आरोप, पीड़ित ने लगाई सुरक्षा की गुहार

सीतापुर में पैतृक संपत्ति विवाद में सगे भाइयों पर झोपड़ी में पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप, पीड़ित ने मांगी सुरक्षा

Jun 22, 2026 - 08:43
0 6
सगे भाइयों पर सो रहे भाई की झोपड़ी फूंकने का आरोप, पीड़ित ने लगाई सुरक्षा की गुहार

(राम किशोर यादव / ब्यूरो)

सीतापुर :  जनपद सीतापुर के थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के ग्राम वेलगवा निवासी संत कुमार पाण्डेय ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अपने परिजनों पर पैतृक संपत्ति विवाद को लेकर लगातार मारपीट, उत्पीड़न तथा जान से मारने के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है।

शिकायत पत्र के अनुसार, संत कुमार पाण्डेय का कहना है कि उनके पिता स्वर्गीय बचन लाल पाण्डेय की मृत्यु के बाद पैतृक संपत्ति का मौखिक बंटवारा हो चुका था, लेकिन उनके सगे भाई रमेश, जनार्दन तथा उनके पुत्र अंकित, आकाश एवं अरुण उनकी संपत्ति पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। आरोप है कि विरोध करने पर उन्हें लगातार गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती रही है।

पीड़ित के अनुसार, 17 जून 2026 की रात करीब एक बजे जब वह अपनी झोपड़ी में सो रहे थे, तभी आरोपितों ने कथित रूप से झोपड़ी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग लगते ही झोपड़ी धू-धू कर जलने लगी। संत कुमार ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। उनका कहना है कि यदि समय रहते वह बाहर नहीं निकलते तो उनकी जान जा सकती थी।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद भी उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं कि अगली बार उन्हें जान से मार दिया जाएगा और उनकी पूरी संपत्ति पर कब्जा कर लिया जाएगा। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर भी अब तक प्रभावी कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है।

संत कुमार पाण्डेय ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, आगजनी, मारपीट और धमकी सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराने तथा स्वयं एवं अपनी संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User