कौशाम्बी: कोर्ट मैरिज का सर्टिफिकेट मांगने गई 7 माह की गर्भवती महिला की बेरहमी से पिटाई, वीडियो वायरल
कौशाम्बी के सैनी में कोर्ट मैरिज सर्टिफिकेट मांगने गई 7 माह की गर्भवती महिला की बेरहमी से पिटाई। वीडियो वायरल होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी।
कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के सैनी थाना क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कोर्ट मैरिज (प्रेम विवाह) का मैरिज सर्टिफिकेट मांगने गई एक 7 माह की गर्भवती महिला की दो महिलाओं ने मिलकर बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पीड़िता (अर्चना) का आरोप है कि उसका मैरिज सर्टिफिकेट पड़ोस में रहने वाली एक महिला और उसकी मां के पास रखा हुआ था। जब वह कई दिनों से अपना मैरिज सर्टिफिकेट वापस मांग रही थी, तो वे उसे देने से टालमटोल कर रही थीं। आरोप है कि जब पीड़िता दोबारा अपना प्रमाण पत्र मांगने पहुंची, तो उसके पति की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर दोनों महिलाओं ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया।
पीड़िता के अनुसार, वह 7 माह की गर्भवती है और उसने हमलावरों से अपनी हालत का हवाला भी दिया, लेकिन दबंग महिलाओं ने एक न सुनी और उसे लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। पिटाई के कारण महिला गंभीर रूप से घायल होकर ज़मीन पर गिर पड़ी।
घटना के बाद आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल अवस्था में पीड़िता को इलाज के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहाँ उसका उपचार जारी है। पीड़िता ने मामले की लिखित शिकायत सैनी थाने में दर्ज कराई है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सैनी थाना पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़िता की तहरीर और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)