प्रयागराज: ग्रीष्म अवकाश के बाद खुला विद्यालय, स्वागत और विदाई की त्रिवेणी से भावुक हुआ प्रांगण

प्रयागराज के प्रतिष्ठित विद्यालय में ग्रीष्म अवकाश के बाद नए हेडमास्टर का स्वागत और वरिष्ठ शिक्षकों को भावभीनी विदाई दी गई

Jul 01, 2026 - 21:39
0 2
प्रयागराज: ग्रीष्म अवकाश के बाद खुला विद्यालय, स्वागत और विदाई की त्रिवेणी से भावुक हुआ प्रांगण

प्रयागराज : गर्मी की छुट्टियों के बाद खुले विद्यालय के प्रथम दिन का माहौल बेहद खास और भावुक रहा। विद्यालय प्रांगण में एक साथ दो महत्वपूर्ण पड़ावों का साक्षी बनते हुए गरिमामय 'स्वागत एवं विदाई समारोह' का आयोजन किया गया। एक तरफ जहाँ नए नेतृत्व का उत्साह के साथ अभिनंदन हुआ, वहीं दशकों तक शिक्षा की अलख जगाने वाले गुरुजनों को नम आँखों से विदाई दी गई।

प्रातःकालीन प्रार्थना के बाद कक्षा 6 से 12 तक के छात्र और शिक्षक विद्यालय प्रांगण में एकत्रित हुए। कॉलेज व हाउस कैबिनेट और एनसीसी कैडेट्स ने विद्यालय बैंड की मधुर धुन पर कदमताल करते हुए औपचारिक मार्च पास्ट किया। प्रधानाचार्य रेव. फादर वाल्टर डी'सिल्वा, नवनियुक्त हेडमास्टर रेव. फादर ज्ञान प्रकाश और विदा हो रहे अतिथियों का गौरवपूर्ण स्वागत किया गया। छात्र आदित्य नंदन के प्रभावशाली संचालन के बीच जेसन डी'क्रूज़ ने बाइबिल पठन किया और स्कूल चॉयर ने प्रार्थना गीत से माहौल को ईश्वरीय ऊर्जा से भर दिया।

प्रधानाचार्य फादर वाल्टर डी'सिल्वा ने नए हेडमास्टर रेव. फादर ज्ञान प्रकाश को पुष्पगुच्छ भेंट कर संस्थान में उनका स्वागत किया। जूनियर कॉलेज कैप्टन सुयश श्रीवास्तव ने स्वागत भाषण दिया, जिसके बाद श्रीमती एरिका जॉन के निर्देशन में मिडिल स्कूल के बच्चों ने एक मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया।

समारोह का सबसे भावुक पल वह था जब रेव. फादर मेल्विन पेस, रेव. फादर ग्लैडविन फर्नांडिस और जूनियर स्कूल की वरिष्ठ अध्यापिका श्रीमती आइरिस साइमन को उनकी दीर्घकालीन व समर्पित सेवाओं के लिए विदाई दी गई। वरिष्ठ शिक्षिकाओं ज्योति दुबे, श्रीमती डी. मदनानी और श्रीमती एस. खान ने इन्हें बुके देकर सम्मानित किया।

छात्रों (दक्ष तलवार, आर्जव शुक्ला, राघव मिश्रा) और ओ.बी.ए. के जनरल सेक्रेटरी व पुराछात्र अभिषेक ने श्रीमती आइरिस साइमन के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भेंट किया। विदा ले रहे गुरुजनों ने अपने विदाई संदेश में छात्रों को 'हमेशा सीखते रहने और चमकता सितारा बनने के लिए आत्म-अनुशासन अपनाने' की सीख दी। प्रधानाचार्य ने विदा हो रहे सदस्यों का आभार जताया और नए हेडमास्टर को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। राघव शुक्ला के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ प्रथम चरण का समापन हुआ।

विद्यालय समय के बाद 'होगन हॉल' में स्टाफ के लिए विशेष कार्यक्रम हुआ, जिसका संचालन श्रीमती अनजीता सिंह ने किया। विजय डेविड के बाइबिल पठन और केजी सेक्शन की शिक्षिकाओं के प्रार्थना गीत के बाद, श्रीमती नंदिता त्रिपाठी ने नए हेडमास्टर का औपचारिक परिचय कराया। अंत में नए हेडमास्टर ने विद्यालय की उन्नति के लिए अपनी भविष्य की योजनाएँ साझा कीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User