सिविल डिफेंस अधिकारी मनोज वर्मा को मिला 'ताइक्वांडो हॉल ऑफ फेम इंडिया 2026' सम्मान

लखनऊ के सिविल डिफेंस अधिकारी मनोज वर्मा को ताइक्वांडो में 41 वर्षों के उत्कृष्ट योगदान के लिए हॉल ऑफ फेम 2026 'पायनियर ऑफ ताइक्वांडो' सम्मान से नवाजा गया।

Aug 04, 2026 - 22:18
0 1
सिविल डिफेंस अधिकारी मनोज वर्मा को मिला 'ताइक्वांडो हॉल ऑफ फेम इंडिया 2026' सम्मान

लखनऊ : खेल और प्रशासनिक सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुके लखनऊ के सिविल डिफेंस अधिकारी मनोज वर्मा के नाम एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। ताइक्वांडो खेल में 41 वर्षों के लंबे और अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित 'ताइक्वांडो हॉल ऑफ फेम इंडिया 2026' सम्मान से नवाजा गया है।

लालबाग स्थित एलोरा होटल में आयोजित भव्य समारोह में 'फाउंडर एंड फादर ऑफ ताइक्वांडो इन इंडिया' ग्रैंड मास्टर जिम्मी आर जगतियानी और मुख्य अतिथि TFI कोषाध्यक्ष सुधीर हलवासिया ने उन्हें 'पायनियर ऑफ ताइक्वांडो' श्रेणी में यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी और प्रमाण पत्र सौंपा।

वर्ष 1985 में एक खिलाड़ी के रूप में मार्शल आर्ट्स की यात्रा शुरू करने वाले मास्टर मनोज वर्मा ने 1990-91 में ब्लैक बेल्ट और 1991-92 में सेकेंड डॉन ब्लैक बेल्ट की डिग्री हासिल की। खिलाड़ी के साथ-साथ उन्होंने नेशनल इंस्ट्रक्टर और नेशनल रेफरी के रूप में भी खेल को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।

अपनी इस उपलब्धि पर मास्टर मनोज वर्मा ने कहा कि खेल और अनुशासित जीवन ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। वर्तमान में मनोज वर्मा लखनऊ सिविल डिफेंस विभाग में सीनियर असिस्टेंट डिप्टी कंट्रोलर (राजपत्रित अधिकारी) के पद पर तैनात हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें वर्ष 2022 (आजादी की 75वीं वर्षगांठ) में राष्ट्रपति पदक से अलंकृत किया जा चुका है। इसके अलावा 1994 में दिल्ली फायर कंपटीशन में वे गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। वह आर्म्स रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ यूपी के अध्यक्ष और लखनऊ रोलबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के महत्वपूर्ण पद का दायित्व भी संभाल रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान ग्रैंड मास्टर महेंद्र मोहन जायसवाल, पूर्व साई डायरेक्टर संजय सारस्वत, पीटर जगतियानी, मनोज शर्मा, राहुल देवंदा, निशा सिंह और पीयूष कुशवाहा को भी सम्मानित किया गया।

मनोज वर्मा की इस सफलता पर ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के उपाध्यक्ष अशोक भार्गव, मास्टर रूपकमल नंदी, सिविल डिफेंस उत्तर प्रदेश के स्टाफ अफसर सुमित मौर्य, उपनियंत्रक रविन्द्र कुमार, ऋषि कुमार, ममता रानी और रेखा पांडेय समेत विभाग के अधिकारियों ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User