बकरी चोरी का वांछित आरोपी 600 रुपये नकदी के साथ गिरफ्तार, साथी पहले ही जेल में
मानिकपुर (प्रतापगढ़)। बकरी चोरी के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे एक शातिर आरोपी को मानिकपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की बकरियों को बेचकर मिले रुपयों में से बचे 600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू सोनकर उर्फ सऊदी (पुत्र गुलाब सोनकर), निवासी चौकापारपुर, थाना मानिकपुर के रूप में हुई है। आरोपी को मुखबिर की सूचना पर अबुल की आरा मशीन के पास भानापुर रोड स्थित आम के बाग (यादव पट्टी) से पकड़ा गया।
चार पहिया वाहन से की थी चोरी
घटना 9 अगस्त की है, जब पूरे अली नकी गांव में तीजा कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सफेद रंग के चार पहिया वाहन में आए अज्ञात बदमाशों ने सड़क पर चना दाल डालकर शांति देवी की 4 और समा बानो की 2 बकरियों को वाहन में लाद लिया और फरार हो गए थे। पीड़ितों की शिकायत पर मानिकपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी थी।
9 हजार में बेची थीं 3 बकरियां, 8400 किए खर्च
पूछताछ में आरोपी राजू सोनकर ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर पूरे क्षेत्र की रेकी की थी और फिर गाड़ी से बकरियां चुराकर आपस में आधी-आधी बांट ली थीं। अपने हिस्से में आई 3 बकरियों को उसने 9,000 रुपये में बेचा था। इसमें से 8,400 रुपये उसने खर्च कर दिए, जबकि बाकी बचे 600 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए। आरोपी इन पैसों के साथ कहीं बाहर भागने की फिराक में था।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल राजू का दूसरा साथी शहबाज पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है। आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार पांडेय, कांस्टेबल भीमराव, रामदेव गौतम और दर्वेश कुमार शामिल रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)