प्रतापगढ़: मानिकपुर में नाली और आरसीसी सड़क निर्माण पर उठे सवाल, घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप
मानिकपुर के दोपेडियां मोहल्ले में डूडा द्वारा कराए जा रहे नाली व सड़क निर्माण में अनियमितता के आरोप लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पीली ईंटों व मानकविहीन निर्माण की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मानिकपुर, प्रतापगढ़। नगर पंचायत मानिकपुर के वार्ड नंबर-दो स्थित दोपेडियां मोहल्ले में डूडा विभाग की ओर से कराए जा रहे नाली एवं आरसीसी सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सरकारी मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नाली निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि कई स्थानों पर घटिया गुणवत्ता की पीली ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं नाली की चौड़ाई और गहराई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं रखी जा रही है। लोगों का यह भी आरोप है कि पुरानी क्षतिग्रस्त नालियों को पूरी तरह हटाने के बजाय उनके ऊपर ही नया निर्माण कर औपचारिकता पूरी की जा रही है।
आरसीसी सड़क निर्माण को लेकर भी लोगों ने सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि सड़क निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं हो रहा है और गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य की समय रहते जांच नहीं हुई तो पहली ही बरसात में इसकी गुणवत्ता की पोल खुल जाएगी।
नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल उर्फ डिंपू ने बताया कि निर्माण कार्य में अनियमितता की शिकायत संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी प्रतापगढ़ एवं डूडा विभाग के उच्चाधिकारियों से मौके पर तकनीकी टीम भेजकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने, निर्माण सामग्री की परीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक करने तथा यदि अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)