लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने वाले 2 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 4 जेल भेजे गए
कौशांबी के संदीपनघाट क्षेत्र में रावेंद्र हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता। दो सगे भाइयों सोनू व मोनू को आलाकत्ल लाठी के साथ गिरफ्तार कर भेजा जेल।
कौशांबी। जनपद के संदीपनघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत उजिहिनी खालसा गांव में बहुचर्चित रावेंद्र कुमार हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लाठी-डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या करने के आरोपी दो सगे भाइयों को संदीपनघाट पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो लाठियां भी बरामद की हैं।
मामला 24 सितंबर की रात का है, जब छेड़खानी के आरोप में हुई कहासुनी के बाद बौखलाए दबंगों ने रावेंद्र कुमार को घेरकर लाठी-डंडों से बेदर्दी से पीट दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल रावेंद्र को परिजन इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए टीमों का गठन किया था।
संदीपनघाट थाना पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू कुमार और मोनू कुमार (पुत्रगण मूलचंद्र), निवासी उजिहिनी खालसा को नई बस्ती कोइलहा के पास से दबोच लिया। आरोपियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई दो लाठियां भी बरामद कर ली गईं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
संदीपनघाट पुलिस इस जघन्य हत्याकांड में शामिल आरोपी लालाराम और विमला देवी को पहले ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है। अब सोनू और मोनू की गिरफ्तारी के साथ ही मामले के मुख्य आरोपियों पर शिकंजा कस गया है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)