नवरात्रि से पहले चमकेगा कानपुर: विधायक सलिल विश्नोई ने अफसरों को दी अल्टीमेटम जैसी हिदायत
नवरात्रि पर्व से पहले कानपुर में विधायक सलिल विश्नोई ने नगर निगम, जलकल, केस्को, पुलिस और यातायात अधिकारियों की बैठक ली और जनसुविधाओं से जुड़े सभी कार्य समय रहते पूरे करने के निर्देश दिए।
(संजय शुक्ला)
कानपुर : शारदीय नवरात्रि की आहट के साथ ही शहर में तैयारियों को रफ्तार देने के लिए विधायक सलिल विश्नोई ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने जनसम्पर्क कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को तलब कर पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को मिलने वाली सुविधाओं की एक-एक व्यवस्था का जायजा लिया और साफ निर्देश दिए कि सभी जनहित के कार्य नवरात्रि शुरू होने से पहले हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
समीक्षा बैठक में नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, जलकल, यातायात पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और केस्को के अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने बारी-बारी से हर विभाग से उसकी तैयारियों की स्थिति पूछी और यह जानने का प्रयास किया कि मंदिरों और उसके आसपास के क्षेत्रों में किस स्तर तक काम हो चुका है।
विधायक ने कहा कि नवरात्रि आस्था का बड़ा पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में सड़कों की मरम्मत, गड्ढामुक्ति, नियमित साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, निर्बाध बिजली और सुगम यातायात जैसी बुनियादी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को समन्वय बनाकर काम करने की नसीहत भी दी, ताकि किसी भी स्तर पर कार्य बाधित न हो।
बैठक में विशेष रूप से यह निर्देश दिए गए कि नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें सफाई एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। जलकल विभाग जलापूर्ति को सुचारु रखे, जबकि केस्को पर्व के दौरान बिजली कटौती न होने देने और लटकते तारों को दुरुस्त करने का काम पूरा करे। यातायात और पुलिस विभाग को भीड़ प्रबंधन तथा जाम से निपटने के लिए ठोस योजना बनाने को कहा गया।
इस अवसर पर सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात), महाप्रबंधक जलकल, जोनल अधिकारी, लोक निर्माण विभाग एवं केस्को के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही पार्षद अभिषेक गुप्ता 'मोनू', अमित गुप्ता, आदर्श गुप्ता, विकास साहू, मंडल अध्यक्ष दीपक शुक्ला और उत्तर जिलाध्यक्ष नवाब सिंह भी बैठक में शामिल रहे।
विधायक ने अंत में भरोसा दिलाया कि वे स्वयं कार्यों की प्रगति पर नजर रखेंगे, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के नवरात्रि पर्व मना सकें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)