लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सजा 'नेशनल सिल्क एक्सपो', रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़

लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 6 दिवसीय नेशनल सिल्क एक्सपो शुरू। 150 से अधिक बुनकरों के बनारसी, कांजीवरम और चंदेरी सिल्क कलेक्शन पर मिल रही 50% तक छूट। रक्षाबंधन खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़।

Aug 03, 2026 - 12:51
0 1
लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सजा 'नेशनल सिल्क एक्सपो', रक्षाबंधन की खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़

लखनऊ : त्योहारों के मौसम की आहट के साथ ही राजधानी लखनऊ में सिल्क और हस्तशिल्प प्रेमियों के लिए एक खास आयोजन की शुरुआत हुई है। गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वीवर्स एंड हस्तकला डेवलपमेंट फाउंडेशन की ओर से आयोजित छह दिवसीय 'नेशनल सिल्क एक्सपो' ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए पहले ही दिन से एक्सपो में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

1 से 6 अगस्त तक चलने वाले इस मेले में देशभर के 21 से अधिक राज्यों से आए 150 से ज्यादा बुनकर और हस्तशिल्प कारीगर सीधे अपने उत्पाद बेच रहे हैं। एक्सपो में बनारसी सिल्क, दक्षिण भारत की प्रसिद्ध कांजीवरम, भागलपुरी सिल्क, महाराष्ट्र की पैठणी, मध्य प्रदेश की चंदेरी व महेश्वरी, असम की मूंगा सिल्क और उपाड़ा जैसी पारंपरिक साड़ियों का एक से बढ़कर एक कलेक्शन मौजूद है।

साड़ियों के अलावा, महिलाओं के लिए लेटेस्ट डिजाइन के सूट, ड्रेस मटेरियल, हस्तनिर्मित बैग्स, एथनिक ज्वेलरी और होम फर्निशिंग के हैंडलूम प्रोडक्ट्स भी खूब पसंद किए जा रहे हैं। आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए कई स्टॉलों पर 50% तक की विशेष छूट भी दी जा रही है।

फाउंडेशन के सचिव जयस कुमार गुप्ता ने बताया कि इस एक्सपो का मुख्य उद्देश्य भारतीय हस्तकरघा कला को बढ़ावा देना और 'वोकल फॉर लोकल' अभियान के तहत बुनकरों को सीधे बाजार उपलब्ध कराना है। लखनऊवासियों के लिए यह एक्सपो सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक खुला है, जहाँ मुफ्त प्रवेश के साथ सभी तरह के डिजिटल भुगतान की सुविधा भी उपलब्ध है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User