कौशाम्बी: भारी बारिश और बाढ़ से बर्बाद फसलों का हो सर्वे, किसानों को मिले मुआवजा वरना आंदोलन की चेतावनी - अजय सोनी
कौशाम्बी में भारी बारिश और गंगा की बाढ़ से किसानों की फसलें पूरी तरह तबाह हो गईं। समर्थ किसान पार्टी के अध्यक्ष अजय सोनी ने फसलों का सर्वे कराकर उचित मुआवजे की मांग की है।
कौशाम्बी: जनपद में हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश और नदियों के उफान ने किसानों की कमर तोड़कर रख दी है। फसलों को पहुंचे भारी नुकसान के बीच समर्थ किसान पार्टी (सकिपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सोनी ने सोमवार को प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। खेतों में पहुंचकर उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत की और जिला प्रशासन से क्षति का स्थलीय सर्वे कराकर किसानों को तुरंत उचित मुआवजा देने की मांग उठाई।
दौरे के क्रम में पार्टी अध्यक्ष अजय सोनी ने सिराथू ब्लॉक के मोंगरी के ताल के समीप स्थित उदहिन गांव के आसपास के खेतों का जायजा लिया। इस दौरान पीड़ित किसानों ने उन्हें अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि भारी बारिश के कारण खेतों में खड़ी खरीफ की फसलें पूरी तरह से बिछ गई हैं और पानी में डूबने की वजह से सड़कर नष्ट हो गई हैं। प्राकृतिक आपदा से हुई इस भारी तबाही से किसान भुखमरी और आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़े हो गए हैं।
किसानों की समस्याएं सुनने के बाद अजय सोनी ने कहा कि भारी बारिश और गंगा नदी के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी से तटीय इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने विशेष रूप से तरसौरा, परसखी और सुखऊ का पुरवा जैसे तटीय गांवों का जिक्र करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में गंगा की बाढ़ का पानी खेतों में घुस जाने से किसानों की खड़ी फसलें पूरी तरह जलमग्न होकर बर्बाद हो चुकी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)