कानपुर में ओवरलोड डंपरों के खिलाफ डीएम को सौंपा ज्ञापन

कानपुर में सद्भावना वेलफेयर सोसाइटी ने ओवरलोड डंपरों और खतरनाक ऑटो लिफ्टर वाहनों पर रोक लगाने हेतु डीएम को ज्ञापन सौंपा।

Jun 30, 2026 - 17:45
Updated: 2 hours ago
0 0
कानपुर में ओवरलोड डंपरों के खिलाफ डीएम को सौंपा ज्ञापन

कानपुर। नौबस्ता-हमीरपुर मार्ग पर धड़ल्ले से दौड़ रहे ओवरलोड डंपरों और अवैध रूप से संसोधित वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए सद्भावना वेलफेयर सोसाइटी ने मोर्चा खोल दिया है। संस्था के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा और जनसुरक्षा के मद्देनजर तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की।

संस्था के सचिव राजेंद्र कुमार ने बताया कि इस मार्ग पर डंपर चालक अवैध रूप से 'ऑटो लिफ्टर' (एक्सल उठाकर गाड़ी चलाना) तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। टायर की घिसावट कम करने और ईंधन बचाने के चक्कर में चालक चलते वाहन के पहिए ऊपर उठा देते हैं। पहिए हवा में होने के कारण अचानक ब्रेक लगाने पर गाड़ी का संतुलन बिगड़ जाता है और ब्रेक प्रणाली पूरी तरह फेल हो जाती है। यह मोटर वाहन अधिनियम का खुला उल्लंघन है, जिसके कारण आए दिन भीषण और जानलेवा हादसे हो रहे हैं।

संस्था की अध्यक्ष बबिता निगम ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि इन भारी और ओवरलोड वाहनों के कारण क्षेत्र की सड़कें भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो रही हैं। आम जनता अब इस मार्ग पर चलने में खौफ महसूस कर रही है। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। संस्था ने जनहित में इन वाहनों की फिटनेस जांच करने और अवैध संचालन पर तुरंत रोक लगाने की मांग की है।

इस दौरान कोषाध्यक्ष ज्ञानी राम निगम, संरक्षक श्याम सुंदर सारस्वत, सदस्य विजय मौर्य, श्री राम शरण, रोहित राज वर्मा और मयंक मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User