अम्बेडकर नगर जिला कारागार में लगा विधिक जागरूकता शिविर
अम्बेडकर नगर जिला जेल में विधिक साक्षरता शिविर आयोजित, सचिव ने बंदियों की समस्याओं को सुन दिए आवश्यक निर्देश।
अम्बेडकर नगर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार और जनपद न्यायाधीश चंद्रोदय कुमार के मार्गदर्शन में आज जिला कारागार अम्बेडकर नगर में एक दिवसीय विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव (पूर्णकालिक) नीलम वर्मा ने इस शिविर का नेतृत्व किया और जेल परिसर का सघन निरीक्षण भी किया।
शिविर के दौरान बंदियों को नशे के जानलेवा दुष्प्रभावों और उससे होने वाले सामाजिक-आर्थिक नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही, ग्रीष्मकालीन इंटर्नशिप कर रहे विधि छात्रों ने बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत के लाभ और मध्यस्थता प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
सचिव नीलम वर्मा ने जेलर विजय लक्ष्मी को सख्त निर्देश दिए कि यदि जेल में बीएनएसएस 479 (BNSS 479) से संबंधित कोई भी विचाराधीन बंदी निरुद्ध है, तो उसकी सूचना तत्काल प्राधिकरण को भेजी जाए ताकि उनकी समय पर रिहाई के प्रयास किए जा सकें।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने बंदियों के बैरकों में जाकर उनके भोजन की गुणवत्ता, स्वास्थ्य और मुकदमों की पैरवी की स्थिति जानी। उन्होंने जेल प्रशासन को भीषण गर्मी से बंदियों को बचाने के पुख्ता इंतजाम करने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और बीमार बंदियों को तत्काल चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जमानत होने के बावजूद जो बंदी जमानतदार न होने के कारण जेल में हैं, उनकी सूची तुरंत भेजी जाए ताकि उन्हें निःशुल्क विधिक मदद दी जा सके। इस दौरान डिप्टी जेलर, चिकित्सक और विधि छात्र मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)