'रोजगार और न्याय' पदयात्रा में उमड़ा जनसैलाब: संजय सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना
AAP सांसद संजय सिंह की 'रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो' पदयात्रा के 11वें दिन प्रयागराज में विशाल जनसमर्थन मिला।
प्रयागराज : आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में चल रही 'रोज़गार दो–सामाजिक न्याय दो' पदयात्रा को अपने ग्यारहवें दिन प्रयागराज की धरती पर अभूतपूर्व जनसमर्थन मिला। वृंदावन वाटिका से शुरू हुई यात्रा जब गंगा डिग्री कॉलेज, सोरांव पहुँची, तो छात्रों, नौजवानों, महिलाओं और स्कूली बच्चों ने फूल मालाएँ पहनाकर सिंह का ज़ोरदार स्वागत किया, जिससे यह एक विशाल जनांदोलन में बदल गई।
पदयात्रा के दौरान, सोरांव में सिंह ने जनता की व्यक्तिगत शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने फर्जी बिजली बिल से परेशान एक दिव्यांग बुज़ुर्ग रामकुमार और जीवित होने के बावजूद पेंशन बंद होने की शिकायत करने वाले राम सुखी पटेल को समस्या समाधान का आश्वासन दिया।
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि सरयू से संगम तक निकाली जा रही यह पदयात्रा इसलिए आवश्यक है क्योंकि उत्तर प्रदेश में बेरोज़गारी भयावह स्तर पर पहुँच चुकी है और अब महामारी का रूप ले चुकी है। उन्होंने सीधे भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भर्ती घोटालों, पेपर लीक और परीक्षा रद्दीकरण की लंबी कड़ी ने युवाओं का भविष्य तबाह कर दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया, "कभी पूर्व का ऑक्सफोर्ड कहे जाने वाले प्रयागराज में अब योग्यता की कोई कीमत नहीं रह गई। योगी सरकार ने नौजवानों को उनकी योग्यता पर लाठीचार्ज, मेहनत पर ठगी और सपनों पर ताला लगाने का काम किया है।" उन्होंने B.Ed-TET, RRB और अन्य भर्तियों में हुई अव्यवस्था और शांतिपूर्ण छात्र आंदोलनों के बर्बर दमन की घटनाओं का ज़िक्र किया।
संजय सिंह ने भाजपा पर आर्थिक नीतियों से किसानों, छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ने और दलितों-वंचितों पर अत्याचार बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह देश बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान से चलेगा, किसी बाबा के फरमान से नहीं, और यह पदयात्रा सामाजिक न्याय के लिए संघर्ष का रास्ता है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0