नवागत MVDA उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने संभाली कमान, अवैध कॉलोनियों पर होगी सर्जिकल स्ट्राइक
MVDA की नई उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने मथुरा की सांस्कृतिक विरासत को बचाने और अवैध कॉलोनियों पर सख्त कार्रवाई का संकल्प लिया।
मथुरा: धर्म नगरी मथुरा-वृंदावन के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्वरूप को संवारने के लिए मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA) ने नई रणनीति तैयार की है। 2019 बैच की आईएएस अधिकारी लक्ष्मी नागप्पन (लक्ष्मी एन) ने प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद का कार्यभार संभालते हुए अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि ब्रज की विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ शहर के नियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान को पूरी गंभीरता से लागू किया जाएगा।
अपनी पहली प्रेस वार्ता में उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि नियमों को ताक पर रखकर विकसित की जा रही कॉलोनियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम जनता की जमा-पूंजी के साथ भी खिलवाड़ हैं। प्राधिकरण अब ऐसी सभी अवैध कॉलोनियों की सूची तैयार कर रहा है, जिसके बाद उन पर ध्वस्तीकरण और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नवागत उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियों में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि किसी भी प्लॉट की खरीद से पहले प्राधिकरण से उसकी स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें। कानपुर देहात की मुख्य विकास अधिकारी रह चुकीं लक्ष्मी एन ने बताया कि उनका लक्ष्य ब्रज के आध्यात्मिक महत्व को बनाए रखते हुए बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाना है। एमवीडीए की इस सख्ती से क्षेत्र के भू-माफियाओं और अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मच गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0