कौशांबी: जनपद मुख्यालय की सड़कें बनीं 'नरक', PWD के भ्रष्टाचार और नाली की गलत डिजाइन से मंझनपुर जलमग्न
कौशांबी मुख्यालय मंझनपुर में 3 महीने से जलभराव और कीचड़। PWD के भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण से सड़कें बदहाल, नाली का गंदा पानी घरों में घुसा।
मंझनपुर (कौशांबी)। करोड़ों रुपये के बजट के बावजूद कौशांबी जनपद मुख्यालय मंझनपुर नगर पालिका क्षेत्र की सड़कें बदहाली का शिकार हैं। तहसील रोड और कस्बे के अंदर जुलाई महीने से जारी बारिश का पानी और नालियों का गंदा कीचड़ सड़कों व पटरियों पर जमा है। स्थिति इतनी विकट हो चुकी है कि नाली का बदबूदार पानी लोगों के घरों के अंदर तक प्रवेश कर रहा है, जिससे मंझनपुर कस्बे के निवासी पिछले 3 महीनों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।
सड़कों के निर्माण व मरम्मत के नाम पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च करने का दावा करने वाले लोक निर्माण विभाग (PWD) के पास मुख्यालय की मुख्य सड़क की मरम्मत कराने के लिए बजट का अभाव बताया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों द्वारा बार-बार मांग किए जाने के बावजूद PWD ने सड़क की मरम्मत कराना जरूरी नहीं समझा।
मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति, गिट्टी-मिट्टी बहने से बढ़ी आफत:
अधिकारियों की लापरवाही का आलम यह है कि सड़क के गड्ढों को भरने के नाम पर गिट्टी और मिट्टी का मिश्रण डाल दिया गया। मूसलाधार बारिश होते ही मिट्टी बह गई और गिट्टी उखड़कर सड़क पर फैल गई, जिससे दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों के लिए हादसों का खतरा और बढ़ गया है।
PWD और नगर पालिका के भ्रष्टाचार का शिकार हुआ मंझनपुर:
स्थानीय लोगों के अनुसार, महज 3 वर्ष पूर्व PWD ने मंझनपुर बाजार की सड़क का निर्माण कराया था, जो घटिया सामग्री के प्रयोग के कारण समय से पहले ही उखड़ गई। इसके बाद नगर पालिका द्वारा सड़क किनारे कराई गई इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई। नाली का ढाल सही न होने के कारण सड़क का पानी नाली में जाने के बजाय नाली का कीचड़ उल्टा सड़क और दुकानों-मकानों में भर रहा है।
शासन और प्रशासन से कई बार गुहार लगाने के बाद भी जलनिकासी का कोई स्थाई समाधान नहीं निकाला गया है। जनपद मुख्यालय पर जलभराव और कीचड़ की यह तस्वीर विकास और स्वच्छता के दावों की पोल खोल रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)