निकोबार परियोजना के विरोध में चलाया हस्ताक्षर अभियान, केंद्र सरकार की नीतियों पर उठाए गंभीर सवाल
प्रतापपुर में कांग्रेस ने ग्रेट निकोबार मुद्दे पर हस्ताक्षर अभियान चलाकर केंद्र की नीतियों के खिलाफ जन आक्रोश जताया।
प्रयागराज : गंगापार कांग्रेस के तत्वावधान में प्रतापपुर ब्लॉक प्रांगण में एक विशाल हस्ताक्षर अभियान का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष अशफाक अहमद की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रेट निकोबार को कॉर्पोरेट घरानों (अडानी) को सौंपे जाने के खिलाफ केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर विरोध दर्ज कराना था। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर अभियान के जरिए आम जनता के आक्रोश को पुरजोर तरीके से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम के दौरान राजनीति से इतर एक संवेदनशील मोड़ भी आया, जब फूलपुर के बाबूगंज निवासी तीन युवकों सहित चार लोगों की सड़क दुर्घटना में हुई दर्दनाक मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पूर्व एआईसीसी सदस्य शेखर बहुगुणा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है। देश की संप्रभुता से समझौता किया जा रहा है और ऐसा प्रतीत होता है कि भारत की कमान परोक्ष रूप से बाहरी ताकतों के हाथ में है। हमारे राष्ट्रीय संसाधनों पर एकाधिकार स्थापित किया जा रहा है, जिसका सीधा खामियाजा देश के किसानों, मजदूरों और छात्रों को भुगतना पड़ रहा है।
अध्यक्षता कर रहे जिला अध्यक्ष अशफाक अहमद ने आर्थिक मोर्चे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था लगातार गिर रही है और गरीब तथा अमीर के बीच की खाई चौड़ी होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे, एयरपोर्ट, पोर्ट, जल, जंगल और जमीन जैसी सरकारी संपत्तियों को उद्योगपति मित्रों के हवाले किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी भाजपा शासन के अंत तक इसका कड़ा विरोध करती रहेगी।
विशेष आमंत्रित सदस्य शरद उपाध्याय 'मुन्ना' ने महंगाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि डीजल, पेट्रोल, कुकिंग गैस, जीवन रक्षक दवाइयों से लेकर यूरिया और डीएपी तक के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं, विधानसभा प्रभारी डॉ. जगत नारायण सिंह ने जनता से भाजपा के मंसूबों को समझने और सत्ता परिवर्तन का आह्वान किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन जिला उपाध्यक्ष डॉ. साधु चरण तिवारी ने किया। इस राजनीतिक विरोध प्रदर्शन के दौरान कमला कान्त मिश्रा, निशा सिंह, मुन्ना पाण्डेय, संतोष सिंह, सुनील पाण्डेय, शिवराम दुबे, ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप पाण्डेय, डॉ. अमर सिंह पटेल, रितेश पासी, सूफिया बानो, पुष्पा चौधरी और कई अन्य वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)