प्रयागराज में 'त्रिशूल भगवान' की भव्य शोभायात्रा: शिव बारात और नारी शक्ति की झांकियों ने मोहा मन
प्रयागराज में शिव सेना भारत द्वारा भगवान त्रिशूल की भव्य शोभायात्रा और शिव बारात निकाली गई, जिसमें हिंदू शौर्य का प्रदर्शन हुआ।
प्रयागराज। संगम नगरी में आस्था और शौर्य का अनूठा संगम देखने को मिला, जब 'शिव सेना भारत' के तत्वाधान में श्री वेद रक्षित धर्मगुरु त्रिशूल भगवान की भव्य दर्शन शोभायात्रा परंपरागत उत्साह के साथ निकाली गई। प्रांतीय अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर और महामंत्री राजेश केसरवानी के नेतृत्व में यह यात्रा हर्षवर्धन नगर, मीरापुर स्थित हरिहरनाथ महादेव मंदिर से शुरू हुई।
रुद्राभिषेक और महाआरती से हुआ शुभारंभ
शोभायात्रा के प्रस्थान से पूर्व मंदिर परिसर में विधि-विधान से महारुद्राभिषेक किया गया। इसके उपरांत संरक्षक धर्मेंद्र कुमार 'भैया जी', भाजपा नेता कुमार नारायण और अधिवक्ता सैफुल अब्बास व सुशील जैन ने त्रिशूल भगवान की महाआरती कर यात्रा को गंतव्य की ओर रवाना किया। इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर ने कहा कि यह यात्रा हिंदू शौर्य और एकता का प्रतीक है, जिस पर हर सनातनी को गर्व है।
नारी शक्ति और जीवंत झांकियों का आकर्षण
शोभायात्रा का आकर्षण इसमें शामिल विविध झांकियां रहीं। सबसे आगे भगवान गणेश, खाटू श्याम, हनुमान जी, महाकाल और माँ काली की मनोहारी झांकियां चल रही थीं।
विशेष आकर्षण: यात्रा में नारी शक्ति का प्रेरणादायी स्वरूप देखने को मिला। अश्वों पर सवार होकर हाथों में तलवार लिए रानी लक्ष्मीबाई, रानी दुर्गावती, झलकारी बाई और रानी पद्मिनी के रूप में वीरांगनाओं ने लोगों में जोश भर दिया।
इन मार्गों से गुजरी शिव बारात
बैंड-बाजे और विजय ध्वज पताकाओं के साथ यह शोभायात्रा मीरापुर से शुरू होकर अतरसुइया, रानी मंडी, लोकनाथ, बहादुरगंज, रामभवन, मुट्ठीगंज, बांस मंडी, बलुआघाट और दरियाबाद से गुजरी। अंत में ललिता देवी मंदिर पहुंचकर भव्य आरती के साथ यात्रा का समापन हुआ।
आयोजन समिति और गणमान्य उपस्थिति
यात्रा के सफल आयोजन में जिला अध्यक्ष रजत सोनकर और महानगर अध्यक्ष मोनू सेठ की मुख्य भूमिका रही, जबकि संचालन आलोक केसरवानी ने किया। इस दौरान महिला अध्यक्ष रचना वर्मा, मंजूषा सिंह, सुधा साहू, दिनेश कनौजिया, सुशील श्रीवास्तव और सैकड़ों की संख्या में महिलाएं व शिवभक्त उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0