महर्षि पतंजलि जन्मभूमि गोंडा में मना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
महर्षि पतंजलि की जन्मभूमि गोंडा में योग दिवस पर योगाभ्यास, कवि सम्मेलन और पतंजलि चालीसा का लोकार्पण संपन्न हुआ।
गोंडा: सनातन धर्म परिषद एवं श्री पतंजलि जन्मभूमि न्यास के संयुक्त तत्वावधान में महर्षि पतंजलि की जन्मस्थली पतंजलिपुरी (कोंडर, गोंडा) में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्वामी भगवदाचार्य ने बताया कि 21 जून को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:00 बजे योगाभ्यास से हुई, जिसका सफल संचालन तरबगंज के विधायक प्रेम नारायण पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान उपस्थित योग साधकों और विद्वानों ने जीवन में योग के महत्व पर अपने विचार साझा किए।
दोपहर में सनातन साहित्यकार परिषद के बैनर तले एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अमर किशोर बहादुर तिवारी (अकबाल बहादुर) मौजूद रहे। कवि सम्मेलन में क्षेत्र के नामचीन साहित्यकारों—रामकरण मिश्र 'सैलानी', शिवाकांत मिश्र 'विद्रोही', डॉ. संत शरण त्रिपाठी, अयोध्या प्रसाद शर्मा 'नवीन', देवेश चंद्र मिश्र 'मजनू' और पुंडरीक पांडेय ने अपनी रचनाओं से समां बांध दिया।
इस गौरवमयी अवसर पर उपस्थित सभी साहित्यकारों को 'महर्षि पतंजलि सम्मान' से विभूषित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 'श्री पतंजलि चालीसा' का लोकार्पण और सामूहिक गायन रहा, जिसका प्रकाशन प्राचार्य अशोक कुमार शुक्ला और प्राचार्य शिव पूजन अवस्थी द्वारा कराया गया था। कार्यक्रम के अंत में कोंडर के प्रधान प्रतिनिधि विपिन कुमार सिंह ने सभी नवागंतुक अतिथियों का आभार व्यक्त किया। योग शिक्षक रविशंकर द्विवेदी और भोले सिंह के सक्रिय सहयोग से संपन्न हुए इस आयोजन के बाद विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)