मथुरा के सदर बाजार में गूंजा "जय श्रीराम": 60 फीट का रावण जला, मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने तीर चढ़ाकर किया रामलीला का शुभारंभ

मथुरा के सदर बाजार में रामलीला कमेटी ने 60 फीट ऊंचे रावण का दहन किया। मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने धनुष पर तीर चढ़ाकर उद्घाटन किया और मेघनाद-अहिरावण वध की लीला हुई। #मथुरादशहरा #रावणदहन #सदरबाजाररामलीला #लक्ष्मीनारायणचौधरी #विजयादशमी #जयश्रीराम #दशहरा2026 #मथुरान्यूज #MathuraDussehra #RavanDahan #SadarBazarRamlila #LaxmiNarayanChaudhary #Vijayadashami #JaiShriRam #Dussehra2026 #MathuraNews

Oct 21, 2026 - 20:19
0 8
मथुरा के सदर बाजार में गूंजा "जय श्रीराम": 60 फीट का रावण जला, मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने तीर चढ़ाकर किया रामलीला का शुभारंभ

मथुरा। सदर बाजार रामलीला कमेटी के तत्वावधान में दशहरा पर्व धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस मौके पर 60 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया और पूरा क्षेत्र भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने धनुष पर तीर चढ़ाकर किया।

उद्घाटन के बाद रामलीला के मंचन में मेघनाद वध, अहिरावण वध, रावण वध और श्रीराम-सीता के पुनर्मिलन के प्रसंग दिखाए गए। मंचन में लक्ष्मण और मेघनाद के बीच भीषण युद्ध हुआ, जिसमें मेघनाद मारा गया। पुत्र की मृत्यु से दुखी रावण ने पाताल लोक के राजा अहिरावण को बुलाया। अहिरावण ने छल से विभीषण का वेश धरकर सोते हुए राम और लक्ष्मण को पाताल लोक पहुंचा दिया।

नींद से जागने पर हनुमान जी ने प्रभु को न पाकर विभीषण से जानकारी ली। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर वे क्रोधित हुए, तब विभीषण ने बताया कि उनका रूप केवल अहिरावण ही धर सकता है। इसके बाद हनुमान जी सीधे पाताल लोक पहुंचे और एक ही मुष्टि प्रहार से अहिरावण का वध कर राम-लक्ष्मण की रक्षा की।

दोनों योद्धाओं के मारे जाने के बाद क्रोध में भरे रावण ने वानर सेना पर धावा बोल दिया। राम और रावण के बीच लंबा युद्ध चला। राम के बाण से रावण के सिर कटते रहे, पर वे फिर निकल आते थे। तब विभीषण ने रहस्य बताया कि रावण की नाभि में अमृत है। श्रीराम ने बाण से अमृत सुखा दिया और रावण का अंत हुआ।

अंतिम क्षणों में रावण ने मन को शुद्ध कर धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उसने कहा कि लालच, क्रोध और बैर कभी नहीं रखना चाहिए तथा राज्य का संचालन नीति और ज्ञान के अनुसार होना चाहिए। उसने यह भी कहा कि राम की विजय इसलिए हुई क्योंकि उनका भाई उनके साथ खड़ा था।

कार्यक्रम में कमेटी अध्यक्ष अलका उपमन्यु एडवोकेट, पूर्व पार्षद रवि यादव, केमिस्ट एसोसिएशन अध्यक्ष भोला यादव, पार्षद विष्णु सैनी, अनिल अग्रवाल, नरेंद्र भारद्वाज, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष घनश्याम लोधी, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रतिमा सिंह, बार एसोसिएशन अध्यक्ष राघवेंद्र सिंह और सचिव मनोज शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User