लखनऊ में बड़े जाली नोट रैकेट का भंडाफोड़: ₹13.95 लाख की नकली करेंसी के साथ आजमगढ़ के 3 शातिर गिरफ्तार
लखनऊ पुलिस ने मडियांव में तीन जालसाजों को गिरफ्तार कर करीब 14 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए हैं
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मडियांव थाना पुलिस ने जाली नोटों के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने घेराबंदी करके तीन शातिर आरोपियों को दबोचा है, जिनके पास से 13 लाख 95 हजार 600 रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। पकड़े गए जाली नोटों में 500 और 100 रुपये के नोट शामिल हैं। पुलिस अब इस गैंग के मुख्य सरगना और उसके अन्य साथियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार को मडियांव पुलिस को इलाके में नकली करेंसी की एक बड़ी डील होने की सटीक सूचना मिली थी। जानकारी के मुताबिक, कुछ संदिग्ध युवक असली नोटों के बदले भारी मात्रा में नकली नोट खपाने की फिराक में थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हुई और संदिग्धों की तलाश शुरू की। रात के वक्त पुलिस को खबर मिली कि घैला पुल के पास, एक खाली मैदान में बने टीन शेड के नीचे तीन लड़के किसी का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने बिना वक्त गंवाए मौके पर छापेमारी की और घेराबंदी कर तीनों को रंगे हाथों दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकली नोटों के बंडल मिले। पुलिस ने उनके पास से:
500 रुपये के 1,402 जाली नोट (कुल 14 गड्डियां)
100 रुपये के 6,946 जाली नोट (कुल 70 गड्डियां) बरामद किए।
कुल मिलाकर पुलिस ने 13,95,600 रुपये की नकली भारतीय मुद्रा जब्त की है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान आलोक सिंह (21 वर्ष), सोनू गौंड उर्फ गोलू (25 वर्ष) और बृजेश विश्वकर्मा (35 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों आरोपी मूल रूप से आजमगढ़ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
आरोपियों ने कुबूल किया कि इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड आजमगढ़ का ही रहने वाला 'मंजीत' और उसका साथी 'संतोष' है, जो फिलहाल फरार हैं। मंजीत ने ही इन तीनों को लखनऊ में किसी अज्ञात व्यक्ति को नकली नोटों की यह खेप सौंपने की जिम्मेदारी दी थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी असली नोटों के बदले बाजार में नकली नोट खपाते थे और इससे मिलने वाले मोटे कमीशन से अपने महंगे शौक पूरे करते थे। पुलिस अब गिरोह के मुख्य सरगना की तलाश कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)