प्रतापगढ़: मानिकपुर ईओ ने पत्रकारों और सभासदों को सभागार से निकाला
प्रतापगढ़ की नगर पंचायत मानिकपुर में अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अधिशासी अधिकारी ने पत्रकारों और सभासदों को बाहर निकाला।
प्रतापगढ़ (मानिकपुर): नगर पंचायत मानिकपुर में उस समय प्रशासनिक गरिमा तार-तार हो गई, जब अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अधिशासी अधिकारी (EO) अजय कुमार ने कवरेज के लिए पहुंचे पत्रकारों और जनता द्वारा चुने गए सभासदों को अपमानजनक ढंग से सभागार से बाहर निकाल दिया। इस घटना के बाद स्थानीय मीडियाकर्मियों और जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
दरअसल, मानिकपुर नगर पंचायत में पिछले एक सप्ताह से अध्यक्ष और मूल अधिशासी अधिकारी के बीच गहरा विवाद चल रहा था। मामले को सुलझाने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर कुंडा के ईओ अजय कुमार को यहां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने खुद मीडिया और सभासदों को सूचित किया था कि बुधवार दोपहर 12 बजे कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज कर उनके रुके हुए वेतन बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
निर्धारित समय पर जब प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार तथा सभासद नगर पंचायत कार्यालय के सभागार पहुंचे, तो माहौल अचानक बदल गया। कर्मचारियों के हस्ताक्षर की प्रक्रिया शुरू होते ही ईओ अजय कुमार ने तानाशाही रवैया अपनाते हुए पत्रकारों और सभासदों को तुरंत बाहर जाने को कह दिया। जब पत्रकारों ने इसका कारण पूछा, तो अधिकारी ने तल्ख लहजे में कहा, “यहां आपकी कोई आवश्यकता नहीं है, मैं आपकी मौजूदगी में काम नहीं कर सकता।”
पहले खुद निमंत्रण देना और फिर इस तरह बाहर निकालना लोकतंत्र के चौथे स्तंभ और जनता के प्रतिनिधियों का सीधा अपमान है। सवाल उठ रहे हैं कि यदि कर्मचारियों के वेतन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमानुसार थी, तो अधिकारी मीडिया के कैमरों से क्यों डर रहे थे? इस घटना के बाद नगर पंचायत परिसर में घंटों हंगामा और चर्चा का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों और पत्रकारों ने उच्चाधिकारियों से इस अमर्यादित व्यवहार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)