गुरुग्राम नगर निगम मुख्यालय और मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

गुरुग्राम नगर निगम मुख्यालय और मेयर कार्यालय को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी, सर्च ऑपरेशन जारी।

Jun 04, 2026 - 16:31
0 1
गुरुग्राम नगर निगम मुख्यालय और मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

गुरुग्राम:हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर-34 स्थित नगर निगम (MCG) मुख्यालय और मेयर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से हड़कंप मच गया। वीरवार सुबह करीब 10:06 बजे प्राप्त हुए इस धमकी भरे मेल के बाद पूरे प्रशासनिक अमले और सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

धमकी की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDS) तुरंत मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत पूरे सरकारी परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। उस समय इमारत में करीब 1,000 अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इस परिसर में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का क्षेत्रीय कार्यालय और ईपीएफओ (EPFO) का दफ्तर भी स्थित है, जिन्हें भी तुरंत खाली कराया गया।  सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद: 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' के नाम से भेजे गए इस मेल में आईईडी (IED) धमाके करने की चेतावनी दी गई थी।

इसके साथ ही हरियाणा और दिल्ली के कुछ प्रमुख मंदिरों और रेलवे ट्रैक को भी निशाना बनाने का जिक्र था।सुरक्षा बलों ने पूरे निगम कार्यालय और मेयर दफ्तर के कोने-कोने, पार्किंग और बेसमेंट की सघन तलाशी ली। राहत की बात यह रही कि गहन जांच और सैनिटाइजेशन अभियान के बाद परिसर से कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ, जिसके बाद पुलिस ने इसे 'होक्स कॉल' (फर्जी धमकी) घोषित कर दिया।

नगर निगम प्रशासन ने कर्मचारियों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी कर उन्हें सतर्क रहने और किसी भी लावारिस वस्तु को न छूने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल, पुलिस की साइबर सेल ईमेल के स्रोत (आईपी एड्रेस) को ट्रैक करने और आरोपी को पकड़ने के लिए जांच में जुट गई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User