कानपुर: जिलाधिकारी के सख्त रुख पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 किलो रंगीन फिंगर चिप्स नष्ट
कानपुर में डीएम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न डेयरी व रेस्टोरेंट में छापेमारी कर दूध, पनीर व सांभर के नमूने लिए। इस दौरान 25 किलो अमानक फिंगर चिप्स नष्ट कराए गए।
इन प्रमुख प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए सैंपल भरे:
- दूध और पनीर: ठाकुर दूध डेयरी (बर्रा) से दूध व पनीर, गोवर्धन डेयरी (घाटमपुर) से मिश्रित दूध, पांडेय स्वीट एंड नमकीन (घाटमपुर) से पनीर, राठौर दूध डेयरी (पनकी) से पनीर, गोपाल दूध भंडार (रामनारायण मार्केट) से भैंस का दूध और गुलशन डेयरी (फजलगंज) से दही के नमूने लिए गए।
- अन्य खाद्य पदार्थ: जवाहर नगर से कुल्फी तथा स्पाइसी फूड (किदवई नगर) से सांभर एवं चिली पनीर के सैंपल एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं।
25 किलो फिंगर चिप्स नष्ट, स्वच्छता के सख्त निर्देश
कार्रवाई के दौरान स्पाइसी फूड (किदवई नगर) में बिक्री के लिए रखे गए 25 किलोग्राम अमानक व हानिकारक रंगीन फिंगर चिप्स को अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश के मौसम को देखते हुए सभी खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में विशेष साफ-सफाई रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने और खाद्य सुरक्षा अधिनियम के मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी या जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)