ऋषिकेश फोरलेन परियोजना के खिलाफ भड़कीं पर्यावरणविद् प्रियंका नेगी
ऋषिकेश : भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन मोटर मार्ग के निर्माण के लिए प्रस्तावित तीन हजार से अधिक पेड़ों के कटान का विरोध तेज होने लगा है। पर्यावरण संरक्षण से जुड़े लोग लगातार इस फैसले पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि विकास आवश्यक है, लेकिन इसके लिए हजारों पेड़ों की बलि देना भविष्य की पीढ़ियों के साथ अन्याय होगा।

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही वसुंधरा संस्था की अध्यक्ष प्रियंका नेगी ने कहा कि विकास के नाम पर अंधाधुंध पेड़ों का कटान किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल लकड़ी नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। उत्तराखंड पहले ही जलवायु परिवर्तन, भूस्खलन और प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे समय में हजारों पेड़ों को काटना पर्यावरणीय संतुलन को और अधिक प्रभावित करेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार को सड़क निर्माण के ऐसे विकल्प तलाशने चाहिए, जिनमें कम से कम पेड़ों का नुकसान हो। यदि पेड़ों का कटान अपरिहार्य हो भी, तो उसके बदले केवल पौधारोपण की औपचारिकता नहीं, बल्कि बड़े पैमाने पर पौधों के संरक्षण और उनके जीवित रहने की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रियंका नेगी ने कहा कि पर्यावरण प्रेमी इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाएंगे और सरकार से विकास तथा पर्यावरण के बीच संतुलित नीति अपनाने की मांग करेंगे। उनका कहना है कि पेड़ों का कटान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)