DM ईशा प्रिया ने दिए मीट-मछली मंडियों की जांच और दुग्ध उत्पादों के सैंपल बढ़ाने के सख्त निर्देश

अम्बेडकरनगर में डीएम ईशा प्रिया ने खाद्य सुरक्षा समिति की बैठक में मिलावटखोरी रोकने और सैंपलिंग बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए।

Jul 18, 2026 - 13:47
0 1
DM ईशा प्रिया ने दिए मीट-मछली मंडियों की जांच और दुग्ध उत्पादों के सैंपल बढ़ाने के सख्त निर्देश

अम्बेडकरनगर ( ब्यूरो) : जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की त्रैमासिक बैठक की गई।

बैठक के आरम्भ में सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 माह अप्रैल 2026 से जून 2026 तक खाद्य अनुभाग द्वारा कृत कार्यवाही से समिति को अवगत कराते हुए बताया गया कि उक्त अवधि में 608 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए संदेह के आधार पर विभिन्न खाद्य पदार्थों के 152 नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला को प्रेषित किये गये। मानक के अनुरूप नहीं पाये गये 89 जांच रिपोर्टों पर विधिक कार्यवाही प्रचलित की गयी।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि निरीक्षण के सापेक्ष नमूने बढाये जाय। साथ ही दुग्ध एवं दुग्ध पदार्थों के नमूने भी संग्रहीत करने के कठोर निर्देश दिये गये।

अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/न्याय निर्णायक अधिकारी को न्यायालय में लम्बित पुराने वादों की त्वरित सुनवाई करते हुए मुकदमों का निस्तारण शीघ्रता से करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देशित किया गया कि खाद्य पदार्थों के निर्माण में प्रयुक्त होने वाले असुरक्षित एवं अधोमानक रसायनों यथा रंग, सिल्वर फाॅइल आदि का प्रयोग न हो, इसके लिए खाद्य कारोबारकर्ताओं को व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यमों से जागरूक किया जाय एवं ऐसे खाद्य पदार्थों का भी नमूना संग्रहीत किया जाय।  उन्होंने निर्देशित किया कि मछली मण्डी एवं मीट की दुकानों का भी निरीक्षण किया जाय।

अन्त में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि आम जनमानस को खाद्य पदार्थों की शुद्धता जांच हेतु घरेलू विधियों के बारे में विभिन्न प्रचार-प्रसार के माध्यम से जानकारी दी जाय एवं खाद्य व्यापारियों की एक गोष्ठी कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित की जाय।  

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User