बूथ स्तर पर कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान तेज, अशफाक बोले- गरीब की थाली से गायब दाल

कांग्रेस ने बूथ स्तर पर संगठन सृजन अभियान चलाया, अशफाक ने बढ़ती महंगाई और महिला उत्पीड़न पर सरकार को घेरा

Jul 8, 2025 - 21:11
 0  8
बूथ स्तर पर कांग्रेस का जनसंपर्क अभियान तेज, अशफाक बोले- गरीब की थाली से गायब दाल
अशफाक बोले- गरीब की थाली से गायब दाल

आनंदी मेल ब्यूरो |

प्रयागराज : गंगापार कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अशफाक अहमद की अगुवाई में सोमवार को इफको गेट क्षेत्र में बूथ स्तरीय संगठन सृजन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और संगठन को जमीनी स्तर से मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

जिलाध्यक्ष अशफाक अहमद ने कहा कि आज देश और प्रदेश में हालात बेहद चिंताजनक हैं। कानून-व्यवस्था नाम की कोई चीज़ नहीं बची है। गुंडाराज का बोलबाला है और आम आदमी न्याय के लिए भटकने को मजबूर है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि गरीबों की थाली से दाल तक गायब हो चुकी है। सब्जियों, तेल और अन्य जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतें इतनी बढ़ गई हैं कि किसान और मजदूर वर्ग के लिए भोजन जुटाना भी चुनौती बन चुका है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों को लेकर सड़कों पर आंदोलन कर रही है। विभिन्न जिलों में धरना-प्रदर्शन के माध्यम से जनता की आवाज बुलंद की जा रही है, लेकिन सरकार इन समस्याओं पर आंख मूंदे हुए है। उन्होंने कहा कि जब तक कांग्रेस सत्ता में नहीं आती, जनता को न तो न्याय मिलेगा और न ही चैन।

बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे गांव-गांव जाकर कांग्रेस की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाएं और हर बूथ पर संगठन को सक्रिय करें। उन्होंने यह भी कहा कि 2024 के बाद आने वाला समय कांग्रेस का होगा, यदि कार्यकर्ता आज से ही जुट जाएं।

इस मौके पर कई कांग्रेस कार्यकर्ता व स्थानीय नेता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से सलीम टाइगर, सुनील पांडे, सद्दाम हुसैन सिद्दीकी, मोहम्मद तौफीक, श्याम बहादुर धुरिया, राजेंद्र प्रसाद धुरिया, सलमान अली, मोहम्मद शेरा, आयुष पांडेय, मोहम्मद यूसुफ, रामजस यादव, शैलेन्द्र कुमार पटेल, संदीप व अभिनव आदि शामिल रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन के ढांचे को फिर से सक्रिय करना और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करना रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी एकजुट होकर अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0