अम्बेडकर नगर: मईपुर अग्निकांड पीड़ितों से मिले कांग्रेस जिलाध्यक्ष, दी चेतावनी
अम्बेडकर नगर के मईपुर में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अग्निकांड पीड़ितों से मुलाकात कर प्रशासन को जल्द राहत देने की चेतावनी दी।
अम्बेडकर नगर: टांडा तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लंगड़ी पृथ्वीपुर के मईपुर गांव में हाल ही में हुई भीषण आगजनी की घटना के बाद, पीड़ित परिवारों की सुध लेने कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव के नेतृत्व में नेताओं ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आग की चपेट में आए परिवारों को ढाढस बंधाया।
इस दर्दनाक हादसे में गंगाराम, अक्षय लाल, बलिराम, ओमप्रकाश और राजाराम के मकान पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं, जिससे उनके सामने रहने और खाने-पीने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इसके अलावा, इस अगलगी में करीब चार भैंसों की भी जलकर मौत हो गई, जिससे ग्रामीणों को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है।
पीड़ितों का दर्द साझा करते हुए जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इसके साथ ही उन्होंने स्थानीय प्रशासन से पुरजोर मांग की कि प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तत्काल नए मकान आवंटित किए जाएं और मवेशियों के नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।
प्रशासन को कड़ा रुख दिखाते हुए कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि अगले एक सप्ताह के भीतर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और बुनियादी राहत सामग्री नहीं दी गई, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने साफ किया कि राहत न मिलने की स्थिति में टांडा तहसील का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य रूप से बसखारी ब्लॉक अध्यक्ष जोखन सिंह, जिला महासचिव शाहबाज अहमद अंसारी (गांधी), अकबरपुर ब्लॉक अध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी, जिला सचिव रितेश त्रिपाठी, निजामुद्दीन, वरिष्ठ नेता मेराज अहमद, विनोद यादव और शिव प्रताप सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)