कुंडा कांग्रेस: पेपर लीक और महंगाई पर जताया विरोध, 29 जुलाई से आंदोलन की दी चेतावनी

कुंडा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, पेपर लीक और किसान मुद्दों पर प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

Jul 24, 2026 - 20:36
0 1
कुंडा कांग्रेस: पेपर लीक और महंगाई पर जताया विरोध, 29 जुलाई से आंदोलन की दी चेतावनी

कुंडा, प्रतापगढ़। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, कुंडा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकालकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी कुंडा को सौंपा। ज्ञापन में पेपर लीक, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं, भ्रष्टाचार तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ कथित दुर्व्यवहार सहित विभिन्न मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की गई।

कांग्रेस कार्यकर्ता निर्माण यूनियन कार्यालय से एकत्र होकर भगवान तिराहा, सरजू नगर और रोडवेज बस अड्डा होते हुए तहसील एवं कचहरी परिसर पहुंचे। वहां राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी को सौंपा गया। ज्ञापन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से पेपर लीक की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने, सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कराने, रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र भर्ती कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने, महंगाई पर नियंत्रण करने तथा भ्रष्टाचार के मामलों में कठोर कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही राहुल गांधी, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की भी मांग उठाई गई।

इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय मीडिया कम्युनिकेशन कोऑर्डिनेटर एवं जिला कोऑर्डिनेटर संदीप त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार युवाओं, किसानों और आम जनता की समस्याओं पर शीघ्र कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी के निर्देशानुसार 29 जुलाई से ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, कुंडा के नेतृत्व में चरणबद्ध धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान पूर्व जिला सचिव संजय शुक्ला, जिला महासचिव मुन्ना लाल यादव, मोहम्मद यूसुफ, ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप गौतम, प्रदेश सचिव (अनुसूचित जाति विभाग) मोहम्मद जुनेद, सट्टा यादव, विजय यादव, विजय तिवारी, पूर्व प्रत्याशी योगेश यादव, रंजीत यादव, राजन तिवारी, विक्रांत, जयप्रकाश, सुरेश सरोज, विनोद गौतम, फूलचंद पाल, लालू पाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User