मानिकपुर: दीप प्रज्ज्वलन के साथ मां ज्वालामुखी देवी धाम के पांच दिवसीय शीतला सप्तमी मेले का भव्य आगाज
प्रतापगढ़ के मानिकपुर में 6 से 10 जुलाई तक चलने वाले ऐतिहासिक शीतला सप्तमी मेले का महाआरती के साथ शुभारंभ हुआ।
मानिकपुर, प्रतापगढ़ : सिद्धपीठ मां ज्वालामुखी देवी धाम में सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ पांच दिवसीय शीतला सप्तमी धार्मिक मेले का शुभारंभ हो गया। यह मेला 6 जुलाई से 10 जुलाई तक चलेगा। मेले का शुभारंभ मेला मजिस्ट्रेट एवं नायब तहसीलदार सालिकराम अग्रहरि तथा मंदिर ट्रस्ट के सचिव डॉ. विजय यादव ने संयुक्त रूप से मां ज्वालामुखी देवी के दर्शन-पूजन एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के मुख्य पुजारी गंगा प्रसाद ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद मां ज्वालामुखी देवी की महाआरती संपन्न हुई और पांच दिवसीय धार्मिक मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर नायब तहसीलदार सालिकराम अग्रहरि ने कहा कि भारत की धार्मिक परंपराएं और मेले हमारी सनातन संस्कृति एवं आस्था के प्रतीक हैं। ऐसे धार्मिक आयोजनों से सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना को बल मिलता है।
उन्होंने श्रद्धालुओं से मेले को शांतिपूर्ण, स्वच्छ और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की। मंदिर ट्रस्ट के सचिव डॉ. विजय यादव ने कहा कि मानिकपुर धार्मिक नगरी के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां प्रतिवर्ष आषाढ़ मास की शीतला सप्तमी और कार्तिक पूर्णिमा पर प्रशासन के सहयोग से भव्य धार्मिक मेले का आयोजन किया जाता है। उन्होंने बताया कि शीतला सप्तमी मेले में दूर-दराज के गांवों और विभिन्न जनपदों से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के बाद मां ज्वालामुखी देवी के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश एवं साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय यादव ने किया। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि आशुतोष जायसवाल (डिंपू भैया), राजस्व निरीक्षक नकुल प्रसाद शुक्ल, त्रिभुवन नाथ यादव, दुर्गा प्रसाद यादव, प्रेमनाथ दीक्षित, राम निहोर यादव, राकेश कुमार जायसवाल, खुशहाल सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे मंदिर परिसर में मां ज्वालामुखी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)