प्रतापगढ़: मिरगढ़वा-शाहाबाद मार्ग पर जलभराव से बढ़ी मुसीबत, कांवड़ यात्रा से पहले सुधार की मांग

प्रतापगढ़ के मिरगढ़वा-शाहाबाद मार्ग पर निर्माणाधीन सड़क और जलभराव से राहगीर व श्रद्धालु परेशान; कांवड़ यात्रा पर संकट।

Jul 09, 2026 - 18:04
Updated: 1 hour ago
0 2
प्रतापगढ़: मिरगढ़वा-शाहाबाद मार्ग पर जलभराव से बढ़ी मुसीबत, कांवड़ यात्रा से पहले सुधार की मांग

मानिकपुर (प्रतापगढ़): प्रयागराज-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग से मानिकपुर के मिरगढ़वा चौराहे से होकर शाहाबाद गंगा घाट को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सड़क इन दिनों स्थानीय निवासियों और राहगीरों के लिए बड़ी आफत बन चुकी है। संबंधित ठेकेदार द्वारा सड़क पर बड़ी-बड़ी गिट्टियां डालने के बाद निर्माण कार्य को बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया है। वर्तमान में हो रही मानसूनी बारिश के कारण पूरी सड़क जलमग्न हो गई है, जिससे तीखी गिट्टियां पानी के नीचे छिप गई हैं और यहां से गुजरना बेहद जोखिम भरा हो गया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर ड्रेनेज सिस्टम न होने से हाईवे का पूरा पानी और सीवर की गंदगी इसी मार्ग पर जमा हो रही है।

मिरगढ़वा मार्ग से रोजाना सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शाहाबाद गंगा घाट पर स्नान और दर्शन के लिए जाते हैं। सड़क पर सीवर का गंदा पानी जमा होने से पूरे इलाके में भयंकर बदबू फैली हुई है। पैदल चलने वाले लोगों और महिला श्रद्धालुओं को मजबूरी में इसी बदबूदार पानी और नुकीली गिट्टियों के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। पानी के अंदर गिट्टियों का अंदाजा न मिलने के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।

"कुछ ही दिनों में सावन का पवित्र महीना शुरू होने वाला है और इसी मार्ग से हजारों कांवड़िए गंगाजल लेने शाहाबाद घाट पहुंचेंगे। यदि समय रहते सड़क ठीक नहीं हुई तो कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है।" - हसन इमाम उर्फ गुड्डू, स्थानीय निवासी

विभागीय उदासीनता और ठेकेदार की लापरवाही से नाराज हसन इमाम, शबाब हैदर, मनोज कुमार, राजकुमार मौर्य, निराले, रामखेलावन और जंग बहादुर सहित दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर खींचा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से ठीक पहले सड़क का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर पूरा कराया जाए। साथ ही सीवर और हाईवे के पानी को मोड़ने के लिए जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था की जाए ताकि आम जनता और दूर-दराज से आने वाले शिवभक्तों को इस नरकीय स्थिति से निजात मिल सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User