कुंडा पुलिस की बड़ी सफलता: 9 साल से फरार 25-25 हजार के दो इनामी हत्यारोपित गिरफ्तार, शेखपुर आशिक चौराहे से दबोचा

कुंडा में 2017 के हत्या के मामले में 9 साल से फरार चल रहे दंपति रुकसाना बानो और मोहम्मद मुस्लिम को कुंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया। दोनों पर 25-25 हजार का इनाम था।

Oct 08, 2026 - 20:51
0 2
कुंडा पुलिस की बड़ी सफलता: 9 साल से फरार 25-25 हजार के दो इनामी हत्यारोपित गिरफ्तार, शेखपुर आशिक चौराहे से दबोचा

कुंडा (प्रतापगढ़)। हत्या के संगीन मामले में पिछले करीब नौ वर्षों से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे दो इनामी अभियुक्तों को कुंडा थाना पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार पति-पत्नी पर पुलिस प्रशासन द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। यह कार्रवाई न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंट (NBW) के आधार पर अमल में लाई गई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रुकसाना बानो पत्नी मोहम्मद मुस्लिम और मोहम्मद मुस्लिम पुत्र मोहर्रम अली, निवासी ग्राम टिकरिया बुजुर्ग, थाना कुंडा के रूप में हुई है।

वर्ष 2017 का है पूरा मामला:
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2017 में टिकरिया बुजुर्ग गांव में दुकान खोलने को लेकर मारपीट की घटना हुई थी। पीड़िता का आरोप था कि उसके पति जब दुकान खोलने गए तो रुकसाना बानो उर्फ मुन्नी, मोहम्मद मुस्लिम और अमन ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटें आने के कारण इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी। इस मामले में कुंडा थाने में हत्या और साजिश की सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई थी।

घेराबंदी कर पुलिस ने किया गिरफ्तार:
घटना के बाद से ही दोनों नामजद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर फरार चल रहे थे। पुलिस ने पूर्व में इन पर 1-1 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 25-25 हजार रुपये कर दिया गया था।

कोतवाल अरविंद सिंह के दिशा-निर्देशन में उपनिरीक्षक अंकित सिंह की अगुवाई वाली टीम (जिसमें आरक्षी अजीत कुमार यादव, हरेंद्र कुमार, महिला आरक्षी श्वेता राय और सर्विलांस सेल के मुख्य आरक्षी जितेंद्र कुमार शामिल थे) को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी शेखपुर आशिक चौराहे के पास मौजूद हैं। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा और वैधानिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User