श्रीनगर में यूपी के बाजुओं का दम, राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग में 64 पदक, बालिका वर्ग देश में अव्वल
श्रीनगर में 48वीं राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में यूपी की 84 सदस्यीय टीम ने 64 पदक जीते। बालिका वर्ग देश में प्रथम और बालक वर्ग द्वितीय स्थान पर रहा।
(आर.एल.पाण्डेय)
लखनऊ। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में 2 से 5 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 48वीं राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी ताकत और तकनीक का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। इंडियन आर्म रेसलिंग महासंघ के तत्वावधान में आर्म स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ जम्मू कश्मीर द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देश भर के 700 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
आर्म्स रेस्लिंग एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि प्रदेश की 84 सदस्यीय टीम ने इस राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने अपने दमदार खेल की बदौलत कुल 64 पदक अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के दम पर उत्तर प्रदेश की बालिका वर्ग टीम ने देश में पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालक वर्ग टीम दूसरे स्थान पर रही।
महासचिव शाहवेज़ अली ने इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय टीम के कोच मोहम्मद शादाब, सौरभ त्रिपाठी और अभिषेक को दिया। उन्होंने कहा कि कोचों की सटीक रणनीति, कुशल मार्गदर्शन और कड़े प्रशिक्षण का ही नतीजा है कि खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर इतना बेहतरीन प्रदर्शन कर सके।
प्रतियोगिता के बाद खिलाड़ियों के प्रदेश लौटने पर एसोसिएशन की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। अध्यक्ष मनोज वर्मा और महासचिव शाहवेज़ अली ने विजेता खिलाड़ियों के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया और उनकी पीठ थपथपाई। दोनों पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
इस मौके पर पदाधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश में आर्म रेसलिंग खेल के नए युग की शुरुआत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। खिलाड़ियों और उनके परिजनों में भी इस सफलता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)