बारिश से बेघर हुए गरीबों को मिले आर्थिक मदद और आवास, सकिपा की कौशाम्बी में बुलंद आवाज
कौशाम्बी में भारी बारिश से गिरे कच्चे मकानों पर सकिपा ने जताई चिंता। सर्वे कराकर गरीबों को मुआवजा व आवास देने की मांग की, न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी।
कौशाम्बी : जिले में हाल ही में हुई मूसलाधार बारिश के कारण कच्चे मकान ध्वस्त होने से बेघर हुए गरीब परिवारों की मदद के लिए समर्थ किसान पार्टी (सकिपा) ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को मंझनपुर स्थित पार्टी के जिलाध्यक्ष कार्यालय में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में पार्टी नेताओं ने शासन-प्रशासन से प्रभावितों को तुरंत राहत पहुंचाने की मांग उठाई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता अजय सोनी ने जिले भर में अतिवृष्टि से हुए नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण बड़ी संख्या में गरीब परिवारों के कच्चे घर ढह गए हैं, जिससे वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे जनपद के गांवों एवं कस्बों का पारदर्शी स्थलीय सर्वे कराकर पीड़ित परिवारों को आर्थिक मुआवजा दिया जाए और उन्हें तत्काल पक्के मकानों की सुविधा मुहैया कराई जाए।
इसके अतिरिक्त, सकिपा नेता ने नदियों के तटीय इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को जलभराव और बाढ़ के संकट से बचाने के लिए पुख्ता प्रबंध करने तथा जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया। अजय सोनी ने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन ने जल्द ही बेघर हुए गरीबों को आवासीय सुविधा और मुआवजा नहीं दिया, तो पार्टी जिले की तीनों तहसीलों में चरणबद्ध तरीके से उग्र धरना-प्रदर्शन करेगी। इस बैठक में जिलाध्यक्ष मुन्ना लाल तिवारी, जिला महासचिव नथन लाल पाल, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रेमचंद्र केसरवानी सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)