कौशाम्बी में वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
कौशाम्बी में जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में कांग्रेस ने वोट चोरी के खिलाफ ओसा चौराहे से अंबेडकर प्रतिमा तक जोरदार विरोध मार्च निकालकर राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा।
कौशाम्बी : कौशाम्बी के मंझनपुर में लोकतंत्र और मतदान के अधिकारों की रक्षा को लेकर कांग्रेस पार्टी ने व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने 'वोट चोरी' और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ओसा चौराहे से रैन बसेरा स्थित अंबेडकर प्रतिमा तक जोरदार विरोध मार्च निकाला। मार्च के पश्चात जिलाध्यक्ष एवं पार्टी पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी कौशाम्बी के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन प्रेषित किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने निर्वाचन आयोग और सत्तारूढ़ दल पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण में जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है। बिहार, बंगाल, महाराष्ट्र और हरियाणा जैसे राज्यों में लाखों वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से काट दिए गए, जिससे सीधे तौर पर भाजपा को फायदा पहुँचा।
गौरव पाण्डेय ने कहा कि हमारे शीर्ष नेता राहुल गांधी ने लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इन अनियमितताओं की पोल खोली है। दिल्ली में इंडिया गठबंधन के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के नेतृत्व में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार के इशारे पर विपक्ष की आवाज को दबाने और नेताओं के साथ दुर्व्यवहार करने का प्रयास किया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता अपने नेताओं और जनता की आवाज को दबने नहीं देंगे तथा यह लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी।
विरोध मार्च में जिले के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मुख्य रूप से प्रभारी कौशाम्बी राजेश साहनी, पूर्व प्रदेश सचिव रामबहादुर त्रिपाठी, राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष मनोज सिंह पटेल, पूर्व अध्यक्ष तलत अज़ीम, जिला उपाध्यक्ष राम सूरत रैदास, श्याम मूर्ति तिवारी, नैय्यर रिजवी, आशीष मिश्रा पप्पू, ब्लॉक अध्यक्ष मंझनपुर प्रदीप सिंह पटेल, जिला महासचिव श्याम सिंह भदौरिया, आसिफ अल्वी, सचिन पाण्डेय, आबिदा बेगम, मीना देवी, रेखा देवी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)