कारगिल विजय दिवस पर लखनऊ में 'शौर्य रत्न समारोह' आयोजित, नम्रता पाठक ने वीर पूर्व सैनिकों को किया सम्मानित
लखनऊ के विश्वेश्वरैया हॉल में कारगिल विजय दिवस पर हंगामा न्यूज चैनल द्वारा शौर्य रत्न समारोह का आयोजन हुआ। उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की पत्नी नम्रता पाठक ने वीर पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
लखनऊ : कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर हंगामा न्यूज चैनल द्वारा वीर बलिदानियों की पावन स्मृति में 'शौर्य रत्न समारोह' का भव्य आयोजन किया गया। राजभवन के सामने स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में देश के वीर बलिदानियों को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके साथ ही सेवा के दौरान विषम परिस्थितियों, युद्ध तथा युद्ध जैसे तनावपूर्ण हालात में मां भारती की रक्षा करने वाले वीर पूर्व सैनिकों को उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की धर्मपत्नी श्रीमती नम्रता पाठक द्वारा सम्मानित किया गया।
इस समारोह में 'अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद' लखनऊ (अवध प्रान्त) के पदाधिकारियों व सदस्यों ने बड़ी संख्या में अपनी राष्ट्रभक्तिपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम में देशभक्ति का जज्बा सिर चढ़कर बोला और पूरा परिसर "जय हिंद" व "वंदे मातरम" के नारों से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम के संदर्भ में जानकारी देते हुए लेफ्टिनेंट कर्नल बीरेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि संगठन के अनेक राष्ट्रभक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने इस आयोजन में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्मान समारोह के उपरांत संगठन के सभी सदस्य लेफ्टिनेंट कर्नल तोमर के कार्यालय में एकत्र हुए, जहां एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
इस बैठक के दौरान लखनऊ जिले की नई कार्यकारिणी के गठन, अवध प्रान्त के हरदोई में 23 अगस्त को होने वाले एजीएम (AGM), प्रदेश स्तरीय एजीएम तथा संगठन की कोष वृद्धि जैसे अति-महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श कर ठोस निर्णय लिए गए। बैठक में नए सदस्य सूबेदार मेजर एच. के. एल. सिंह का संगठन में आत्मीय स्वागत किया गया। अंत में शांति पाठ और राष्ट्रभक्ति के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
(आर एल पाण्डेय)
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)